Bilaspur News Update : बिलासपुर. सुबह घर के पास टहल रहे दो युवकों को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक नाले में गिर गए. हादसे में एक युवक की मौत हो गई और दूसरे को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है.


तोरवा टीआई अभय सिंह बैस ने बताया, शंकरनगर बाम्बे आवास निवासी राहुल यादव पिता राजू यादव 25 साल दोस्त सुमीत यादव पिता दिलीप यादव 18 साल के साथ 9 फरवरी की सुबह पौने पांच बजे घर के पास टहल रहे थे. इसी दौरान बाइक क्रमांक सीजी 10 बीटी, 5793 के चालक ने दोनों युवकों को टक्कर मार दी. जिससे वे नाले में गिर गए. आसपास के लोगों ने नाले से दोनों युवकों को बाहर निकालकर इलाज के लिए सिम्स भेजा. जहां डाक्टर ने परिक्षण के बाद राहुल यादव को मृत घोषित कर दिया. वहीं सुमीत यादव का इलाज चल रहा है. पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है.
13 करोड़ की शटल टाइप कार पार्किंग साढ़े तीन साल से अधूरी
बिलासपुर. स्मार्ट सिटी के तहत छत्तीसगढ़ की पहली आटोमेटेड मल्टीलेवल शटल टाइप कार पार्किंग का निर्माण बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड परिसर में कराया जा रहा है. करीब 13 करोड़ में बन रहे इस पार्किंग के काम में साढ़े तीन साल की देरी हो चुकी है और अभी सिर्फ लोहे का ठांचा ही खड़ा हो सका है. काम में लापरवाही और देरी के मामले में कोलकाता की ठेका कंपनी सिम पार्क पर 60 लाख रुपए की पेनाल्टी लगाई गई है इसके बाद भी काम लगभग बंद सा पड़ा है. मौके पर इक्का दुक्का मजदूर ही दिखाई पड़ते हैं.
हालांकि निगम का दावा है कि जल्दी ही काम पूरा कर लिया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि पार्किंग का पूरा सामान कोलकाता से बनकर आएगा और लोहे के स्ट्रक्चर में फिट कर दिया जाएगा. सारा सामान भी कोलकाता का ही है और क्योंकि ठेका कंपनी भी वहीं की है. ध्यान रहे कि इस पार्किंग को शुरू करने के लिए पहले मई 2023 और फिर जून 2024 तक की समय सीमा तय की गई थी.
स्मार्ट सिटी की ओर से कुल 12 करोड़ 60 लाख राशि की लागत से इस आटोमेटिक कार पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है. इसका तीन साल पहले हुआ था और एक साल में काम पूरा करना था. कोलकाता के सिम पार्क नामक कंपनी को इस बड़े काम का ठेका दिया गया लेकिन उसने शुरू से ही लापरवाही बरती. टेंडर के नियम, शर्तों के अनुसार करीब 12 माह में मल्टीलेवल कार पार्किंग बनाकर देना था, किन्तु टेंडर अवधि जनवरी 2024 में समाप्त होने के बाद भी काम फाउंडेशन से ऊपर तक नहीं पहुंच सका था. हालांकि बाद में सख्ती बरती गई तो ठेका कंपनी ने काम में कुछ तेजी दिखाई और लोहे का स्ट्रक्चर पूरा खड़ा कर लिया गया है.
पाच सालों तक संचालन और रखरखाव करेगी कंपनी
टेंडर की शर्तों के अनुसार कंपनी द्वारा पाच सालों तक इसका संचालन और रखरखाव किया जाएगा. अधिकारियों के मुताबिक शहर के मध्य एक सर्वसुविधायुक्त मल्टीलेवल कार पार्किंग की जरूरत महसूस की जा रही थी. पुराना बस स्टैंड में कार पार्किंग सुविधा शुरू हो जाने से यह कमी पूरी हो जाएगी. मल्टीलेवल कार पार्किंग के शुरू हो जाने से पूरे एरिया में ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या से निजात मिलेगा.
की गई है पेनाल्टी
नगर निगम के चीफ इंजीनियर राजकुमार मिश्रा ने बताया कि इस पार्किंग के लिए सबसे महत्वपूर्ण काम लोहे का स्ट्रक्चर खड़ा कर लिया गया है. पार्किंग के उपकरण कोलकाता से बनकर आएगे और लोहे के स्ट्रक्चर में फिट कर दिया जाएंगे. लापरवाही और काम में देरी के मामले में ठेका कंपनी सिम पार्क पर टेडर राशि की पांच फीसदी राशि लगभग 60 लाख रुपए की पेनाल्टी लगाई गई है.
100 रुपए शुल्क कौन देगा
निगम द्वारा अब कहा जा रहा है कि पार्किंग के लिए स्लैब ढालने की प्रक्रिया की जाएगी. इसके साथ ही पार्किंग के मैकनिकल उपकरण कोलकाता से लाकर सीधे यहां फिट कर दिए जाएंगे. इधर सवाल इस पार्किंग की उपयोगिता को लेकर है. निगम से मिली जानकारी के मुताबिक यहां पार्किंग के लिए 100 रुपए प्रति दिन का लिया जाएगा. व्यापारियों और शहरवासियों का कहना है कि बिलासपुर में इस तरह से इसका उपयोग बहुत कम लोग ही कर पाएंगे. कलेक्टोरेट, सिटी कोतवाली से लेकर लखीराम आडिटोरियम में जहां पार्किंग लगभग निशुल्क है वहां तो इक्का दुक्का लोग ही वाहन खड़ी कर रहे हैं ऐसे में बस स्टैंड में शुल्क देकर गाड़ियों की पार्किंग कौन करेगा.
आटोमेटिक सिस्टम से ऊपर जाएगी कार
ज्ञात हो कि स्मार्ट सिटी के तहत छत्तीसगढ़ की पहली आटोमेटेड मल्टीलेवल शटल टाइप कार पार्किंग का निर्माण पुराना बस स्टैंड परिसर में कराया जा रहा है, जो पूरी तरह से स्वचालित आटोमेटेड शटल टाइप कार पार्किंग होगी. इमें ग्राउंड फ्लोर पर ले जाकर कार खड़े करते ही आटोमेटिक सिस्टम से कार ऊपरी मंजिल तक पहुंच जाएगी. करीब साढ़े दस हजार स्क्वेयर फीट क्षेत्र में यह पार्किंग बनाई जा रही है जो कि चार मंजिला होगी. पार्किंग के ग्राउंड फ्लोर में कार और बाइक पार्क किया जाएगा. इसमें 80 कारों को पार्क करने की व्यवस्था रहेगी.
संभाग स्तरीय रोजगार मेला 12 और 13 को
बिलासपुर. राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए 12 एवं 13 फरवरी को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आईटीआई कोनी में संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है. इसमें 26 निजी कंपनियों द्वारा फायनेंस, एग्रीकल्चर, मैनेजमेंट, मेडिकल व फार्मेसी, सोलर एनर्जी, टेक्सटाइल इंडस्ट्री, सर्विस टेक्निकल, मेनुफैक्चरिंग, सिक्यूरिटी सर्विस, इंश्योरेंस, आटोमोबाईल, ज्वेलरी जैसे क्षेत्रों में लगभग 4 हजार पदों पर भर्ती की कार्रवाई की जाएगी. रोजगार मेले में शामिल होने के लिए रोजगार पंजीयन, ई रोजगार पोर्टल में आवेदक का ऑनलाइन मेला पंजीयन होना अनिवार्य है.
प्रेमी के खुदकुशी करने पर प्रेमिका ने फांसी लगाई
बिलासपुर. प्रेमी के खुदकुशी करने से क्षुब्ध होकर प्रेमिका ने बुआ के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.तोरवा थाना के एएसआई विमला मनहर ने बताया, कोरिया बैकुंठपुर पाठाकोना निवासी प्रिंसी गुप्ता पिता स्व. बब्लू गुप्ता 17 साल 11 माह अपने प्रेमी विजय के साथ घर छोड़कर दिल्ली भाग गई थी. वहां विजय के घरवालों ने उसे रखने से इनकार कर दिया. जिससे उनके बीच विवाद हो गया. सूचना पर दिल्ली पुलिस ने प्रिंसी को वहां के अनाथ आश्रम में सुरक्षार्थ रखवा दिया था. उसके बाद दिल्ली से बैकुंठपुर अनाथ आश्रम में उन्हें शिफ्ट कर दिया था. जानकारी होने 15 दिन पहले उनकी बुआ तोरवा पंप हाउस के पास किराए के मकान में रहने वाली वसुंधरा गुप्ता पति चंचल गुप्ता ने अनाथ आश्रम से अपने घर ले आई थी. 8 फरवरी को शाम 6 बजे प्रिंसी को उसके सहेली ने बताया कि उसके प्रेमी विजय ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है. यह बात प्रिंसी ने अपने बुआ को भी बताई थी. रोज की तरह 9 फरवरी को सुबह बुआ व फूफा काम पर चले गए. सुबह 10 बजे बुआ वसुंधरा ने प्रिंसी को फोन कर अपने बेटे को खाना खिलाने के लिए बोली थी. उसके बाद उनके मकान मालिक ने उन्हें फोन कर प्रिंसी के द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने की जानकारी दी. पति पत्नी अपने घर गए तो प्रिंसी फांसी पर लटकी मिली. संभावना जताई जा रही प्रेमी के द्वारा खुदकुशी कर लेने से क्षुब्ध होकर प्रिंसी ने भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है. बहरहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


