अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत बियर बांध गांव में शुक्रवार को मामूली विवाद को लेकर हुई मारपीट में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों की पहचान अजय शर्मा, गुड़िया देवी, शत्रुघन कुमार एवं आनंद कुमार के रूप में हुई है, जिनका सदर अस्पताल सासाराम में फिलहाल इलाज चल रहा है।

गाली गलौज के बाद हुई मारपीट

घटना के संदर्भ में पीड़ित परिवार का कहना है कि शुक्रवार को अचानक गांव के हीं कुछ लोग घर के समीप आकर गाली गलौज करने लगे। जब इसका विरोध किया गया, तो उन लोगों ने लाठी डंडों से हमला कर दिया, जिसके कारण कई लोगों को गंभीर चोटें आईं हैं। इन लोगों ने आरोपियों पर चाकू एवं पिस्टल दिखाने का भी गंभीर आरोप लगाया है।

थाने में शिकायत दर्ज

वहीं मारपीट की घटना के बाद पीड़ित परिवार ने शिवसागर थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार फिलहाल घटना में घायल सभी लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।