पटना। राजधानी के सबसे व्यस्त और पॉश इलाकों में से एक, बोरिंग रोड सोमवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा। अपराधी बेखौफ होकर आए और सरेआम फायरिंग कर फरार हो गए। घटना बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के गौतम होटल के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर एक सफेद रंग की कार में सवार होकर आए थे। उन्होंने अचानक मोर्चा संभाला और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी चौराहे की ओर तेजी से निकल गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि कार के नंबर और बदमाशों की पहचान की जा सके।
7 राउंड फायरिंग और पुलिस की कार्रवाई
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को वहां से 7.65 MM के 7 खोखे और कारतूस बरामद हुए हैं। बुद्धा कॉलोनी के थानेदार पल्लव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। पुलिस ने अपने बयान पर केस दर्ज कर जांच की कमान संभाल ली है।
दहशत में दुकानदार और राहगीर
फायरिंग की आवाज इतनी तेज थी कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रात के समय जो भी दुकानें खुली थीं, दुकानदार आनन-फानन में शटर गिराकर जान बचाकर भागे। सड़क पर चल रहे राहगीर भी सहम गए।
घायल का सस्पेंस
सूत्रों के मुताबिक, इस गोलीबारी में एक व्यक्ति को गोली लगने की खबर है, लेकिन वह शख्स कौन है और कहां है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। पुलिस विभिन्न अस्पतालों में जाकर घायलों का विवरण जुटा रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


