सोहराब आलम/​मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस की गश्ती और छापेमारी के दावों के बीच चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक बार फिर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। ताजा मामला तुरकौलिया थाना क्षेत्र के अमवा वार्ड नंबर-1 का है, जहां एक बंद घर से लाखों की संपत्ति चोरी कर ली गई।

शादी की खुशियों पर चोरों की नजर

पीड़ित पंकज उपाध्याय के घर में आगामी अप्रैल माह में उनकी बहन की शादी होने वाली थी। परिवार ने हाल ही में शादी के लिए भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामानों की खरीदारी की थी। घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य किसी काम से मोतिहारी शहर गए हुए थे। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे कीमती गहनों सहित अन्य सामानों पर हाथ साफ कर दिया।

​पुलिस की कार्रवाई और एफएसएल की जांच

​जब परिजन वापस लौटे, तो बिखरा हुआ सामान और टूटा ताला देख उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही तुरकौलिया थानाध्यक्ष उमाशंकर माझी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को भी बुलाया गया है, ताकि फिंगरप्रिंट्स और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के जरिए चोरों तक पहुंचा जा सके।

​इलाके में दहशत का माहौल

​लगातार हो रही गृहभेदन की घटनाओं से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि पुलिस की मुस्तैदी के बावजूद चोर बेखौफ हैं। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि अपराधियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।