मुजफ्फरपुर। जिले के सकरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग लड़के ने अपनी 15 वर्षीय प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की वजह केवल इतनी थी कि लड़का अपनी प्रेमिका के किसी दूसरे युवक से बात करने को लेकर नाराज था।
वारदात के बाद थाने पहुंचा आरोपी
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी 8 किलोमीटर दूर सकरा थाने सरेंडर करने पहुंचा था। लेकिन पुलिस को देखते ही वह घबराकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे खदेड़कर पकड़ा, जिसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस जब उसे लेकर लड़की के घर पहुंची, तब तक परिजनों को इस खौफनाक वारदात की भनक तक नहीं थी।
सोते रहे परिजन, आंगन में मिली लाश
मृतका की मां के अनुसार, परिवार खाना खाकर सो गया था। घर का मुख्य दरवाजा बंद था, लेकिन एक छोटा साइड गेट खुला रह गया था, जिससे आरोपी अंदर दाखिल हुआ। जब पुलिस ने रात ढाई बजे दस्तक दी, तब पिता ने उठकर देखा कि उनकी बेटी (9वीं की छात्रा) आंगन में खून से लथपथ पड़ी थी। पहले उन्हें लगा कि वह बेहोश है, लेकिन पास जाने पर पता चला कि उसे सिर में गोली मारी गई है।
हत्या के पीछे की वजह और पुलिस कार्रवाई
आरोपी और मृतका के घर के बीच महज 100 मीटर की दूरी है। आरोपी के दोस्त ने उसे बताया था कि उसकी गर्लफ्रेंड किसी और से बात करती है, जिससे वह गुस्से में था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और एक खोखा बरामद कर लिया है। डीएसपी पूर्वी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि नाबालिग के पास हथियार कहां से आया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


