कुमार उत्तम/​मुजफ्फरपुर। जिले के बरुराज थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां अपने मामा के घर शादी में शामिल होने आई 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को दबोच लिया है।

​शादी की खुशियों के बीच पसरा सन्नाटा

​जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम जब पूरा परिवार शादी की रस्मों में व्यस्त था, तभी नाबालिग अचानक लापता हो गई। परिजनों ने काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। देर रात ग्रामीणों की नजर एक सुनसान झोपड़ी के बाहर पड़ी किशोरी की चप्पलों पर गई। संदेह होने पर जब ग्रामीणों ने दरवाजा खोला, तो किशोरी अंदर लहूलुहान और गंभीर हालत में मिली।

​पुलिस की त्वरित कार्रवाई और साक्ष्य संकलन

​घटना की सूचना मिलते ही बरुराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस का प्रयास है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट में आरोपी के खिलाफ मजबूत चार्जशीट पेश की जा सके।

​आरोपी जेल के सलाखों के पीछे

​डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर 48 वर्षीय आरोपी हरिश्चंद्र साह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता को इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए SKMCH अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि स्पीडी ट्रायल के जरिए अपराधी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।