Sports News Update : टी-20 विश्व कप 2026 के 40वें मुकाबले में शुक्रवार (20 फरवरी) को ऑस्ट्रेलिया का सामना ओमान से होगा। यह ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला होगा। दोनों टीमें पहले ही सुपर-8 की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं। यह मैच श्रीलंका के कैंडी स्थित पल्लेकेले क्रिकेट स्टेडियममें शाम 7 बजे से खेला जाएगा। अब तक दोनों टीमों के बीच एक ही टी-20 मैच खेला गया है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की थी। खराब गेंदबाजी और बल्लेबाजी फॉर्म से जूझ रही कंगारू टीम इस मुकाबले में सुधार करना चाहेगी। खासतौर पर ग्लेन मैक्सवेल से बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।

16 हजार करोड़ में आरसीबी को खरीदेगी ग्लेजर फैमिली

आईपीएल की दिग्गज टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की बिक्री की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, इंग्लिश फुटबॉल क्लब Manchester United के सह-मालिक अवराम ग्लेजर ने आरसीबी के लिए 1.8 बिलियन डॉलर (करीब 16 हजार 400 करोड़ रुपये) की बोली लगाई है। मौजूदा मालिक डियाजियो टीम के आंशिक या पूर्ण बिक्री पर विचार कर रहा है। आरसीबी का संभावित मूल्य करीब 2 बिलियन डॉलर (18 हजार 200 करोड़ रुपये) आंका जा रहा है। ग्लेजर फैमिली के अलावा अन्य बड़े निवेशकों की भी टीम खरीदने में रुचि बताई जा रही है।

पाकिस्तान हॉकी टीम के कप्तान पर लगा प्रतिबंध, फेडरेशन अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के प्रेसिडेंट तारिक बुगती ने होटल पेमेंट में हुई गड़बड़ी के बाद इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान के कप्तान शकील अम्माद बट पर भी 2 साल का प्रतिबंध लगाया है। बता दें कि हाल ही में पाकिस्तान की नेशनल टीम ने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था, जहां उनके रहने तक की सही व्यवस्था नहीं थी और पाकिस्तानी कप्तान ने सोशल मीडिया के जरिए बदइंतजामी की पोल खोली थी।

शानदार जीत के साथ समाप्त हुआ अफगानिस्तान का अभियान

अफगानिस्तान ने कनाडा को 82 रन से हराकर टी-20 विश्व कप 2026 का अपना अभियान शानदार जीत के साथ समाप्त किया। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 4 विकेट पर 200 रन बनाए। इब्राहिम जादरान और सेदिकुल्लाह अटल के बीच 95 रन की अहम साझेदारी हुई। जवाब में कनाडा की टीम 8 विकेट पर 118 रन ही बना सकी।

रणजी ट्रॉफी फाइनल में कर्नाटक बनाम जम्मू-कश्मीर

लखनऊ। कर्नाटक ने बृहस्पतिवार को उत्तराखंड के खिलाफ ड्रॉ हुए सेमीफाइनल मैच में पहली पारी की बढ़त के आधार पर 11 साल के अंतराल के बाद रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाई। कर्नाटक 24 फरवरी से हुबली में होने वाले फाइनल में जम्मू-कश्मीर से भिड़ेगा। अब कर्नाटक की निगाहें अपने नौवें रणजी ट्रॉफी खिताब पर लगी होंगी। उसने आखिरी रणजी खिताब 2014-15 सत्र में आर विनय कुमार की कप्तानी में जीता था। दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर की नजरें अपने पहले रणजी खिताब पर होगी जो छह दशकों में पहली बार फाइनल में पहुंचा है।