पैरों की मांसपेशियां हमारे शरीर का एक महत्वपूर्ण आधार हैं. क्योंकि हमारा पूरा शरीर हमारे पैरों पर ही टिका होता है. मजबूत पैरों की मांसपेशियां चोट से बचाव करती हैं, चलने-फिरने में सहूलियत देती हैं और रोजाना की जाने वाली एक्टिविटीज को आसान बनाती हैं. खासकर आजकल की लाइफस्टाइल में, जहां हम ज्यादातर समय बैठकर बिताते हैं, पैरों की मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं.

इसलिए पैरों की ताकत बढ़ाने के लिए सही एक्सरसाइज करना बहुत जरूरी है. पैरों की मांसपेशियों को मजबूत बनाने के लिए एक्सरसाइज बेहद प्रभावी मानी जाती हैं. इन्हें नियमित रूप से करने से ताकत, संतुलन और सहनशक्ति तीनों में सुधार होता है. आज हम आपको इसी के बारे में विस्तार से बतायेंगे.
स्क्वाट (Squats)
यह पैरों के लिए सबसे असरदार एक्सरसाइज में से एक है.
कैसे करें – सीधे खड़े हो जाएं, पैर कंधों की चौड़ाई पर रखें. धीरे-धीरे घुटनों को मोड़ते हुए ऐसे नीचे जाएं जैसे कुर्सी पर बैठ रहे हों. पीठ सीधी रखें और फिर वापस खड़े हो जाएं. फायदा-जांघों, हिप्स और ग्लूट्स को मजबूत बनाता है.
लंजेस (Lunges)
यह एक्सरसाइज पैरों के साथ-साथ बैलेंस सुधारने में भी मदद करती है.
कैसे करें – सीधे खड़े होकर एक पैर आगे बढ़ाएं. पीछे वाले घुटने को जमीन की ओर झुकाएं. फिर वापस खड़े हो जाएं और दूसरे पैर से दोहराएं. फायदा-जांघों और पिंडलियों को मजबूत बनाती है.
काफ रेज (Calf Raises)
यह पिंडलियों की मांसपेशियों के लिए बेहतरीन है.
कैसे करें – सीधे खड़े होकर एड़ियों को ऊपर उठाएं. कुछ सेकंड रुकें और फिर धीरे-धीरे नीचे आएं. फायदा-पिंडलियों की ताकत और संतुलन बढ़ाता है.
लेग प्रेस (Leg Press)
जिम में की जाने वाली यह एक्सरसाइज पैरों की बड़ी मांसपेशियों को टारगेट करती है.
कैसे करें – मशीन पर बैठकर पैरों से प्लेट को आगे की ओर धकेलें. धीरे-धीरे वापस लाएं. फायदा-जांघों और ग्लूट्स की मजबूती बढ़ती है.
स्टेप-अप (Step-ups)
यह एक आसान लेकिन प्रभावी एक्सरसाइज है.
कैसे करें – किसी मजबूत प्लेटफॉर्म या सीढ़ी पर एक पैर रखें. शरीर को ऊपर उठाएं और फिर नीचे आएं. फायदा-पैरों की ताकत और स्टेबिलिटी दोनों में सुधार करता है.
वॉल सिट (Wall Sit)
यह मांसपेशियों की सहनशक्ति बढ़ाने में मदद करती है.
कैसे करें – दीवार से पीठ लगाकर बैठने की मुद्रा में आ जाएं. घुटनों को 90 डिग्री पर रखें और कुछ समय तक इसी स्थिति में रहें. फायदा-जांघों और घुटनों की मजबूती बढ़ती है.
ध्यान रखने योग्य बातें
- एक्सरसाइज से पहले 5–10 मिनट वार्म-अप जरूर करें.
- शुरुआत में कम रेप्स से शुरू करें और धीरे-धीरे बढ़ाएं.
- सही फॉर्म बनाए रखना बहुत जरूरी है.
- यदि कोई पुरानी चोट या दर्द है तो डॉक्टर या ट्रेनर से सलाह लें.


