होली का त्योहार होली सच में खास होता है, और जब घर में बच्चे की पहली होली हो, तो उत्साह दोगुना हो जाता है. इस साल Holi का पर्व पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाएगा. 2 मार्च को यानी आज दहन और 4 मार्च को रंगों वाली होली खेली जाएगी. ऐसे में अगर आपके नन्हे की यह पहली होली है, तो इन मजेदार आइडियाज़ और सेफ्टी टिप्स से इसे यादगार बनाया जा सकता है.

पहली होली को खास बनाने के मजेदार तरीके

थीम बेस्ड फोटोशूट

बच्चे को सफेद या पीले रंग के पारंपरिक कपड़े पहनाएं. फूलों की पंखुड़ियों या हल्के गुलाल से प्यारा सा फोटोशूट करें. ”My First Holi” लिखा हुआ छोटा बोर्ड या प्रॉप्स इस्तेमाल करें.

फूलों वाली होली

केमिकल रंगों की जगह गेंदे और गुलाब की पंखुड़ियों से होली खेलें. यह सुरक्षित भी है और खूबसूरत भी.

फैमिली सेलिब्रेशन

घर में छोटा सा होली मिलन रखें. दादा-दादी और रिश्तेदारों के साथ बच्चे की पहली होली की रस्म करें. पारंपरिक गाने बजाएं और हल्का सा तिलक लगाकर आशीर्वाद दिलाएं.

मेमोरी बॉक्स बनाएं

पहली होली की फोटो, कपड़ों का छोटा हिस्सा या एक नोट लिखकर सुरक्षित रखें—बड़े होकर बच्चे के लिए यह बेहद खास याद होगी.

सेफ्टी टिप्स जरूर अपनाएं

नैचुरल रंगों का इस्तेमाल करें

बाजार के केमिकल रंगों से बचें. घर पर बने हल्दी, चंदन या फूलों के रंग बेहतर विकल्प हैं.

स्किन और बालों की सुरक्षा

बच्चे की त्वचा पर पहले नारियल या बादाम तेल लगा दें. आंख, नाक और मुंह में रंग जाने से बचाएं.

पानी से बचाव

बहुत छोटे बच्चों को पानी वाली होली से दूर रखें. ठंड लगने का खतरा रहता है.

तेज आवाज से दूरी

ड्रम या तेज म्यूजिक से बच्चे डर सकते हैं, इसलिए माहौल शांत और आरामदायक रखें.