सुशील खरे, रतलाम। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) द्वारा आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा-2024 में बड़े स्तर पर गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। मंडल ने 12 अभ्यर्थियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। ये सभी अभ्यर्थी रतलाम स्थित ‘रतलाम पब्लिक स्कूल’ परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने पहुंचे थे, जिसे इस परीक्षा के लिए पहली बार केंद्र बनाया गया था।

रतलाम पब्लिक स्कूल में आयोजित परीक्षा की जांच में सामने आया कि इन अभ्यर्थियों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा में असामान्य रूप से तेज गति दिखाई। दो घंटे की परीक्षा में किसी ने 15 तो किसी ने 30 मिनट में ही 100 प्रश्न हल कर दिए और शेष समय बिना किसी गतिविधि के बैठे रहे।

READ MORE: भोपाल में होली सुरक्षा अलर्ट: स्वास्थ्य विभाग ने कसी कमर, 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी चालू, हर अस्पताल में 10 बेड रिजर्व

मंडल ने 5 फरवरी को परिणाम जारी करने से पहले उच्च परसेंट प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों के डेटा की जांच की। जांच में पाया गया कि ये सभी 12 अभ्यर्थी पहले पुलिस भर्ती और अन्य परीक्षाओं में शामिल हो चुके थे, रतलाम पब्लिक स्कूल में आयोजित परीक्षा थी, लेकिन तब इनके अंक 50 से भी कम थे। वहीं, इस परीक्षा में अचानक 90 से अधिक अंक प्राप्त कर 100 पर्सेंटाइल हासिल कर लिया।

स्कूल के सीसीटीवी फुटेज और परीक्षा लॉग डेटा की जांच में यह भी सामने आया कि इन अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर किसी एक व्यक्ति की मदद मिली थी। खास बात यह है कि ये सभी अभ्यर्थी अलग-अलग तारीखों और शिफ्ट में परीक्षा देने पहुंचे थे, लेकिन उनका परीक्षा केंद्र एक ही था और मदद करने वाला भी एक ही व्यक्ति बताया जा रहा है।

READ MORE: Chandra Grahan 2026: शाजापुर के मंदिरों के पट बंद, फाल्गुन पूर्णिमा पर ग्रहण से बढ़ा धार्मिक महत्त्वम, पंडित गिरजेश चतुर्वेदी ने दी ये सलाह

रतलाम पब्लिक स्कूल बिरियाखेड़ी पर आयोजित परीक्षा में जांच में यह भी पाया गया कि इन अभ्यर्थियों ने परीक्षा के दौरान न तो रफ वर्क किया और न ही कंप्यूटर स्क्रीन पर सामान्य गतिविधि दिखाई। अधिकांश समय वे बिना किसी हलचल के बैठे रहे और निर्धारित समय में केवल उत्तर विकल्पों को चुनते रहे। मंडल के अनुसार यह स्पष्ट रूप से सुनियोजित तरीके से की गई नकल या बाहरी मदद की ओर संकेत करता है। इससे पूरे मामले में संगठित गिरोह की आशंका जताई जा रही है।