बिलासपुर। मंगला में रहने वाला युवक होली पर अपनी साली को रंग लगाने के लिए ससुराल गया था. साली ने जीजा से रंग लगवाने से मना कर दिया. तब युवक ने घर आकर अपनी पत्नी की पिटाई कर दी. मारपीट से घायल पत्नी ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की है. इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है.

यह भी पढ़ें : CG Morning News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे लखपति दीदियों से संवाद… BJP कार्यालय में होली मिलन समारोह में होंगे शामिल, CG वायु योजना से फिर शुरू होंगी लोकल उड़ानें, रायपुर में आज से होगी अग्रवाल प्रीमियर लीग की शुरुआत

मंगला के महर्षि स्कूल के पास रहने वाली महिला ने पति के खिलाफ मारपीट की शिकायत की है. महिला ने बताया कि उसका पति उसे छोड़कर साली से शादी करने की बात कहता है. इसी बात को लेकर वह आए दिन मारपीट करता है. होली पर वह अपनी साली को रंग लगाने के लिए ससुराल उसलापुर पहुंच गया. तब साली ने रंग लगवाने से मना कर दिया.

ससुराल के लोगों ने भी उसे मना किया. तब उसने घर के सामान काे फेंकना शुरू कर दिया. इसके बाद वह अपने घर आ गया. उसने ससुराल में अच्छा व्यवहार नहीं होने की बात कहते हुए अपनी पत्नी से मारपीट की. महिला ने किसी तरह अपने पति को संभाला. इसी बात को लेकर उसने गुरुवार को अपनी पत्नी से मारपीट की. उसने पत्नी को घर से निकालने की कोशिश की. महिला ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की है. इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है.

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बीयर की बोतल से फोड़ दिया सिर

बिलासपुर। दयालबंद में रहने वाले आटो ड्राइवर से मोहल्ले के युवकों ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे. मना करने पर युवकों ने बीयर की बोतल मारकर आटो ड्राइवर का सिर फोड़ दिया. घटना में घायल आटो ड्राइवर की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है.

दयालबंद के मधुबन रोड शिखा वाटिका के सामने रहने वाले सोनू यादव (34) आटो ड्राइवर हैं. उन्होंने पुलिस को बताया कि गुरुवार की दोपहर तीन बजे वे मधुबन मुक्तिधाम के पास बैठे थे. तभी मोहल्ले में रहने वाले मोनू यादव और टिंकू राही वहां पर आए. उन्होंने आटो ड्राइवर से शराब पीने के लिए रुपये मांगे. आटो ड्राइवर ने उन्हें रुपये देने से इन्कार कर दिया. तब युवकों ने आटो ड्राइवर की पिटाई की. इसी बीच अमित ने आटो ड्राइवर के सिर पर बीयर की बोतल से हमला कर दिया. इससे आटो ड्राइवर लहूलुहान हो गया. घायल ने घटना की शिकायत कोतवाली थाने में की है. इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है.

हिरासत में मौत के मामले में दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच

खरसिया। खरसिया थाना क्षेत्र के परासकोल के अनिल चौहान के हत्याकांड के मामले में पूछताछ के लिए पुलिस 7–8 ग्रामीणों को अपने साथ लेकर गई थी. आरोप है कि ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान खरसिया थाना के पुलिसकर्मियों ने जमकर मारपीट की. इसमें एक युवक रमेश चौहान की तबीयत खराब हो गई. उसे इलाज के लिए रायपुर भेजा गया. पर वहां उसकी मौत हो गई.

मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया. चौहान समाज के लोगों ने खरसिया तहसील ऑफिस का भी घेर कर दिया. चक्काजाम कर रहे लोगों के बीच खरसिया विधायक उमेश पटेल भी पहुंचे. हालात को देखते हुए एसडीएम और एसडीओपी ने बंद कमरे में ग्रामीणों से मीटिंग की. देर रात ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच सुलह हो गई. जिसमें तय किया गया कि घटना की मजिस्ट्रियल जांच करवाई जाएगी. जिसमें समाज के भी पांच सदस्य रहेंगे. जांच तक दोषी पुलिसकर्मी लाइन अटैच रहेंगे और पीड़ित परिवार को मुआवजा मिलेगा. जिसके बाद दो आरक्षक बिसोप सिंह और अशोक साहू को लाइन अटैच कर दिया गया है. इसके अलावा कलेक्टर ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं.

जीपीएम पहुंचे आईजी ने अधिकारियों की ली मीटिंग

पेण्ड्रा। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग द्वारा जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का एकदिवसीय भ्रमण किया गया. इस दौरान उनके द्वारा सर्वप्रथम पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना/चौकी प्रभारियों की मीटिंग लेकर लंबित अपराधों, मर्गो के वैज्ञानिक तकनीकी के माध्यम से साक्ष्य संकलन के कर त्वरित निकाल, थाना/चौकी प्रभारियों के द्वारा पीड़ितों की शिकायत स्वयं सुनकर समुचित वैधानिक कार्यवाही करने, गंभीर अपराधों की विवेचना स्वयं करने एवं संपत्ति सम्बन्धी अपराधों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्यवाही करने के सम्बन्ध में सख्त हिदायत दी गयी.

पुलिस अधीक्षक कार्यालय के विभिन्न शाखाओं के निरीक्षण में सभी शाखा प्रभारियों क़ो रिकॉर्ड के समुचित संधारण, पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों के वेलफेयर सम्बन्धी विषयों में त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए. इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा पुलिस कण्ट्रोल रूम के निर्माणाधीन बिल्डिंग का निरीक्षण कर समय सीमा में निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए.

भ्रमण दौरान थाना गौरैला के निरीक्षण में थाना में उपस्थित स्टाफ क़ो सशक्त एप के माध्यम से अधिक से अधिक वाहनों क़ो सर्च कर चोरी हुए वाहनों की पता तलाश करने, बीट प्रणाली क़ो सशक्त कर आवश्यक सूचना संकलन करने, अनुभव क्यू आर कोड का अधिकाधिक प्रचार करने, साइबर प्रहरी व्हाट्सएप्प ग्रुप के माध्यम से साइबर जागरूकता लाने तथा थाने में लंबित अपराधों, मर्गो, शिकायतों का समयबद्ध ढंग से निकाल करने हेतु निर्देशित किया.

तत्पश्चात साइबर सेल का निरीक्षण कर साइबर अपराधों के निकाल करने, नेटग्रिड, समन्वय पोर्टल, क्राइमैक पोर्टल के अधिकाधिक प्रयोग करने हेतु निर्देशित किया. ग्राम अमरपुर स्थित पुलिस रक्षित केंद्र का निरीक्षण कर रक्षित निरीक्षक क़ो बल एवं संसाधनों के व्यवस्थित रखरखाव, पुलिस वाहनों के मैंटेनेंस पर विशेष ध्यान देने हेतु निर्देशित किया. इस अवसर पर जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे.

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत

सक्ती। थाना डभरा क्षेत्र के ग्राम गाड़ापाली में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है तथा पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना पुसौर क्षेत्र के ग्राम तुपकधार कठली निवासी बीसीकेशन यादव ने अपनी पुत्री नीतू यादव का विवाह मई 2024 में ग्राम गाड़ापाली निवासी रोहित यादव के साथ किया था. शादी के बाद परिवार सामान्य रूप से चल रहा था. विवाह को लगभग एक वर्ष नौ माह ही हुए थे कि 4 मार्च की रात अचानक नीतू की मौत की खबर से मायके पक्ष स्तब्ध रह गया.

बताया जा रहा है कि ससुराल पक्ष ने मायके वालों को सूचना दी कि नीतू की सामान्य मौत हो गई है. सूचना मिलने पर परिजन तुरंत ग्राम गाड़ापाली पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी बेटी को कमरे में मृत अवस्था में पड़ा पाया. बेटी की अचानक मौत से परिजनों में शोक और आक्रोश दोनों देखा गया.

परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी उन्हें रात में नहीं दी गई और ससुराल पक्ष द्वारा मामले को दबाने का प्रयास किया गया. इतना ही नहीं, सुबह शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी भी की जा रही थी. जब मायके पक्ष ने बेटी का चेहरा देखने की कोशिश की तो उन्हें रोक दिया गया. इसके बाद परिजनों ने तत्काल डभरा पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी डभरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. साथ ही तहसीलदार और महिला पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस की मौजूदगी में परिजनों को मृतका का चेहरा देखने दिया गया.

परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने नीतू के गले और गर्दन के आसपास काले निशान व खरोंच के निशान देखे तो उनका संदेह और गहरा गया. मायके पक्ष ने मृतका के पति, ससुर और सास पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. परिजनों ने यह भी बताया कि घटना की रात उनकी बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके बाद अचानक उसकी मौत की खबर आई.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया. टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए डभरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

भतीजे ने दीवार पर पटककर चाचा की कर दी हत्या

कोरबा। होली की खुशी उस वक्त मातम में बदल गई, जब नशे में चूर चाचा भतीजे के बीच विवाद शुरू हो गया. से इस दौरान भतीजे ने तैश में चाचा के ने सिर को दीवाल पटक पटककर लहुलुहान कर दिया. किसी तरह बीच बचाव कर परिजनों ने मामला शांत कराया. वे बुजुर्ग को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत वृद्ध को मृत घोषित कर दिया. मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.

जिले के सरहदी पुलिस चौकी मोरगा अंतर्गत ग्राम अरसियां में देवीदयाल यादव 65 वर्ष निवास न करता था. वह खेती किसानी व मवेशी पालन कर परिवार का भरण पोषण करता था. बुधवार को गांव में होली मनाया जा रहा था. होली के दिन देवीदयाल और उसके भतीजे करनसाय राऊत (30 वर्ष) ने दोपहर करीब दो बजे छककर शराब का सेवन कर लिया. वे घर में ही बैठकर बातचीत करते रहे. नशा सिर चढ़ने पर चाचा देवीदयाल खुद में ही बड़बड़ाने लगा. पहले तो करन उसे घर जाने की बात कहता रहा, लेकिन उसकी समझाईश का असर चाचा पर नहीं पड़ा. उनके बीच विवाद शुरू हो गया.

इस दौरान करन ने तैस में आकर चाचा देवीदयाल के सिर को दीवाल पर पटक पटककर लहुलुहान कर दिया. उसकी चीख पुकार सुन पहुंचे परिजनों ने किसी तरह समझाईश देकर करन को शांत कराया. वे गंभीर रुप से घायल बुजुर्ग को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत देवीदयाल को मृत घोषित कर दिया.

मामले की सूचना मोरगा पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मंगतू राम मरकाम हरकत में आ गए. वे अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में वैधानिक कार्रवाई पूरी की. तत्पश्चात मृतक के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया. मामले में पुलिस ने आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया. उसे वैधानिक कार्रवाई उपरांत कोर्ट में पेश करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.

ट्रेलर ड्राइवर को धमकाने के बाद मोबाइल और रुपये लेकर भागे कार सवार

बिलासपुर। बिलासपुर के चकरभाठा क्षेत्र में ट्रेलर के ड्राइवर को रोककर लूटपाट का मामला सामने आया है. ट्रेलर के ड्राइवर का तिफरा के पास से पीछा कर कार सवार युवकों ने चकरभाठा क्षेत्र में रोककर मोबाइल और रुपये लूट लिए. पीड़ित ने इसकी शिकायत चकरभाठा थाने में की है. इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है.

बिहार के जमुई जिला अंतर्गत ग्राम पनभरवा में रहने वाले पिंटू यादव (22) ड्राइवर हैं. वे बिल्हा मोड़ के पास रहने वाले मोनू राजपाल के ट्रेलर को चलाते हैं. गुरुवार की रात करीब दो बजे वे सीपत एनटीपीसी से ट्रेलर में राख लोड कर दुर्ग जाने के लिए निकले थे. उनके साथ रोहित यादव, पवन यादव, धनंजय राजवाड़ और राजकुमार यादव भी अपने-अपने वाहन में राख लोडकर निकले. पांचों वाहन लेकर रात करीब तीन बजे तिफरा काली मंदिर के पास पहुंचे थे.

तभी पीछे से आ रहे कार सवार युवकों ने उन्हें आवाज देकर गाड़ी रोकने के लिए कहा. जगह नहीं होने के कारण वे गाड़ी चलाते हुए चकरभाठा क्षेत्र में टोयटा शो रूम के पास पहुंच गए. वहीं पर कार सवार युवकों ने अपनी गाड़ी रोहित यादव के ट्रेलर के सामने अड़ा दी. तब रोहित समेत सभी ड्राइवरों ने अपनी गाड़ी खड़ी कर दी. सभी अपने पेपर लेकर कार के पास पहुंचे. कार पर सुमित दुबे और यशराज यादव सवार थे. उन्होंने इस रोड पर भारी वाहन प्रतिबंधित होने की बात कहते हुए ड्राइवरों को धमकाना शुरू कर दिया.

इसी बीच पिंटू अपने मैनेजर को मोबाइल पर काल करने लगा. इसी बीच युवकों ने पिंटू के साथ से उसके दस्तावेज और मोबाइल लूट लिया. इसके बाद युवक अपनी कार से भाग निकले. ड्राइवर ने डायल 112 पर इसकी जानकारी दी. इसके बाद उन्होंने घटना की शिकायत चकरभाठा थाने में की है. शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में आरोपी अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर निवासी यशराज यादव पिता गिरिराज यादव (22 वर्ष) और सुमित दुबे पिता कमलेश दुबे (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है.

कलेक्टर ने आदतन बदमाश को किया जिला बदर

जांजगीर–चांपा. जिले में शांति व्यवस्था बनाये रखने एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जन्मेजय महोबे ने पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के प्रतिवेदन पर सांतनु साण्डे को जिला बदर किया है.

जिला दंडाधिकारी जनमेजय महोबे ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 3 एवं 5 में प्रदत्त शक्तियों एवं निहित प्रावधानों का प्रयोग करते हुए सांतनु साण्डे, पिता मोहित राम साण्डे, निवासी-बिरगहनी, थाना-बलौदा जिला-जांजगीर-चांपा को जांजगीर-चांपा जिला एवं सरहदी जिला सक्ती, रायगढ़, कोरबा, बिलासपुर, बालौदा बाजार जिलों की राजस्व सीमाओं से आदेश जारी होने के 24 घंटे के भीतर बाहर चले जाने तथा 01 वर्ष की कालावधि तक प्रवेश नहीं करने के लिए आदेशित किया गया है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H