चंडीगढ़। पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने अपने मौजूदा कार्यकाल का आखिरी और सबसे बड़ा बजट पेश कर दिया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने विधानसभा में 2,60,437 करोड़ रुपये का बजट पेश करते हुए इसे ‘गारंटी पूरी करने वाला बजट’ करार दिया। वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले इस बजट में सरकार ने समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को साधने की पुरजोर कोशिश की है।

महिलाओं के लिए मास्टर स्ट्रोक

बजट का सबसे बड़ा आकर्षण महिलाओं के लिए किया गया चुनावी वादा पूरा करना रहा। वित्त मंत्री ने घोषणा की कि साल 2022 में किए गए वादे के मुताबिक अब प्रदेश की हर महिला को 1,000 रुपये प्रति माह की वित्तीय सहायता दी जाएगी। चीमा ने कहा कि यह बजट हमारी माताओं और बेटियों के सम्मान को समर्पित है.

युवाओं को रोजगार और शिक्षा की सौगात

बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार ने बड़ा ऐलान करते हुए 22,000 नई सरकारी नौकरियों की भर्ती की घोषणा की है। इसमें सामाजिक सुरक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत दिव्यांग कोटे सहित 17,000 पदों पर होने वाली भर्ती भी शामिल है। शिक्षा के क्षेत्र के लिए 19,279 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जो पिछले साल के मुकाबले 7% अधिक है। चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के लिए 1,220 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

किसानों के लिए सब्सिडी और पराली प्रबंधन
कृषि प्रधान राज्य होने के नाते किसानों के लिए भी बजट में बड़े प्रावधान हैं। कृषि क्षेत्र को मुफ्त और रियायती बिजली देने के लिए 7,715 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। प्रदूषण पर लगाम लगाने हेतु पराली प्रबंधन के लिए 600 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। फसलों के विविधीकरण (Crop Pattern) को बढ़ावा देने के लिए पठानकोट, गुरदासपुर, बठिंडा, संगरूर, जालंधर और कपूरथला में पायलट प्रोजेक्ट लागू किया गया है।