CG News : रोहित कश्यप, मुंगेली. मुंगेली नगर पालिका की सियासत में इन दिनों विकास और आरोप-प्रत्यारोप की चर्चा भी जोरो पर है. होली- रंग पंचमी के अवसर पर आयोजित होली मिलन कार्यक्रम व एक साल का कार्यकाल पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने जहां उपलब्धियां गिनाईं, वहीं मीडिया से बातचीत में उनका दर्द भी खुलकर सामने आ गया. उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में जनता का प्यार और आशीर्वाद जरूर मिला, लेकिन राजनीतिक भेदभाव और षड्यंत्रों से भी जूझना पड़ा.

रोहित शुक्ला ने कहा कि एक साल का कार्यकाल कब गुजर गया, पता ही नहीं चला. जनता का साथ मिला, यही मेरी ताकत है. जो विकास कार्य शुरू हो चुके हैं, वे जल्द पूरे होंगे. उन्होंने शहर में बन रहे गौरव पथ जैसे कार्यों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नगर के विकास को ही उन्होंने अपना लक्ष्य बनाया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस-बीजेपी से ऊपर मेरा लक्ष्य अर्जुन की तरह मछली की आंख पर है, यानी मुंगेली नगर का विकास ही मेरा एकमात्र उद्देश्य है.

नपा अध्यक्ष ने अधिकारों का हनन का लगाया आरोप
नपा अध्यक्ष ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए. उनका कहना है कि पीआईसी (परिषद की स्थायी समिति) का गठन करना अध्यक्ष का अधिकार है, लेकिन आज तक उसका अस्तित्व में नहीं आना कई सवाल खड़े करता है. पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने आरोप लगाया कि उनके अधिकारों का हनन किया जा रहा है और इस मामले में उन्हें कलेक्टर कार्यालय से लेकर नगर पालिका के सीएमओ तक को कई बार पत्र लिखना पड़ा है. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि आखिर पीआईसी गठन की फाइल पर कथित रूप से कैसे परीक्षण किया जा रहा है, यह भी सोचने का विषय है.
उन्होंने कहा कि नगर के वार्डों में लोग पानी, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं. अगर पालिका अध्यक्ष होते हुए भी मैं ये काम नहीं कर पा रहा हूं, तो ऐसे पद पर बने रहने से बेहतर है उसे छोड़ देना.
अध्यक्ष ने दोबारा भूमिपूजन क्यों किया?
मुंगेली की राजनीति में इन दिनों एक और चर्चा भी खूब तैर रही है. आरोप लगाया जा रहा है कि जिन विकास कार्यों का भूमिपूजन पहले ही मंत्री कर चुके होते हैं, उनका दोबारा भूमिपूजन पालिका अध्यक्ष द्वारा किया जाता है. इस सवाल पर रोहित शुक्ला ने सफाई देते हुए कहा कि इसे सही से समझने की जरूरत है. मैं ठेकेदार द्वारा बुलाए जाने पर पार्षदों के साथ काम का शुभारंभ करने जाता हूं, भूमिपूजन करने नहीं.
डिप्टी सीएम ने कुछ माह पहले कही थी ये बात
कुछ महीने पहले डिप्टी सीएम अरुण साव ने भी मंच से कहा था कि मुंगेली नगर के विकास के लिए सरकार पानी की तरह पैसा बहा रही है, लेकिन विकास कार्यों की रफ्तार उतनी तेज नहीं दिख रही. उस बयान के बाद से ही शहर की राजनीति में यह बहस और तेज हो गई कि आखिर पैसा आने के बावजूद काम धीमे क्यों हैं. आखिर रोड़ा कौन बन रहा हैं.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

