Ghevar Recipe : गणगौर राजस्थान के मुख्य त्योहारों में से एक है. और अब तो ये त्योहार देश के कई क्षेत्रों में मनाया जाने लगा हैं, जहां मारवाड़ी महिलायें रहती है. ये बेहद खूबसूरत त्योहार है. जिसमें खास तौर से ईसर जी यानी भगवान शिव और गौरा जी यानी माता पार्वती के प्रेम और गृहस्थ जीवन को समर्पित है. इस दौरान सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए व्रत रखती हैं. तो वहीं कुंवारी कन्याएं मनचाहा वर पाने की कामना के साथ पूजा करती हैं. इस पूजा में घेवर जरूर बनाया जाता है. आप भी गणगौर पूजा करती हैं तो घेवर घर पर बनाने का आसान तरीका आज हम आपको बताते हैं.

सामग्री

  • मैदा-1 कप
  • घी (पिघला हुआ)-¼ कप
  • ठंडा दूध-¼ कप
  • ठंडा पानी / बर्फ वाला पानी-2–3 कप
  • घी या तेल (डीप फ्राई करने के लिए)-1–2 कप
  • चीनी-1 कप
  • पानी (चाशनी के लिए)-½ कप
  • इलायची पाउडर-½ छोटा चम्मच
  • कटे हुए बादाम-पिस्ता
  • केसर
  • रबड़ी (इच्छानुसार, ऊपर डालने के लिए)

विधि

1-एक बाउल में घी डालकर उसे अच्छी तरह फेंटें. इसमें मैदा डालें और थोड़ा-थोड़ा ठंडा दूध व पानी डालकर पतला घोल बना लें.
2-ध्यान रखें कि बैटर बिल्कुल पतला हो (लगभग छाछ जैसा).
3-कढ़ाही में चीनी और पानी डालकर उबालें.1 तार की चाशनी बनाएं. इसमें इलायची पाउडर और केसर डाल दें.
4-एक गहरी कढ़ाही या पतीले में घी/तेल अच्छी तरह गर्म करें. एक बोतल या कलछी से पतला घोल ऊपर से धीरे-धीरे गर्म तेल में डालें.
5-घोल डालते ही बीच में छेद बनता जाएगा और जालीदार घेवर तैयार होगा. इसी तरह 3–4 बार थोड़ा-थोड़ा घोल डालें ताकि मोटाई बन जाए. सुनहरा होने पर निकालकर जाली पर रख दें.
6-तैयार घेवर पर चाशनी डालें.ऊपर से बादाम-पिस्ता छिड़कें. चाहें तो रबड़ी डालकर मालई घेवर बना सकते हैं.