Chaitra Navratri 2026 : कल से चैत्र नवरात्रि का पर्व शुरू हो रहा है नवरात्रि के व्रत में हल्का, स्वादिष्ट और आसानी से पचने वाला खाना बहुत जरूरी होता है. ऐसे में समा चावल का पुलाव इसके लिए बिल्कुल परफेक्ट है. अगर आपका पुलाव अक्सर चिपचिपा या घुटा हुआ बन जाता है, तो अब से ऐसा बिल्कुल नहीं होगा, क्योंकि आज हम आपको बताने वाले हैं समा चावल पुलाव (खिला-खिला बनाने की आसान रेसिपी). तो चलिए जानते हैं विस्तार से.

सामग्री

समा चावल – 1 कप
पानी – 1.5 कप
घी – 1-2 चम्मच
जीरा – 1 छोटा चम्मच
हरी मिर्च – 1-2 (बारीक कटी)
आलू – 1 (छोटे टुकड़ों में कटा)
मूंगफली – 2 चम्मच
सेंधा नमक – स्वादानुसार
काली मिर्च – ½ छोटा चम्मच
हरा धनिया – सजाने के लिए

विधि

  1. सबसे पहले समा चावल को अच्छी तरह धोकर 15-20 मिनट के लिए भिगो दें. फिर पानी पूरी तरह छान लें. ध्यान रखें ज्यादा देर भिगोने से चावल चिपचिपे हो जाते हैं.
  2. कढ़ाही या कुकर में घी गर्म करें. पहले मूंगफली हल्की भून लें, फिर निकाल लें. उसी घी में आलू डालकर हल्के सुनहरे होने तक फ्राई करें.
  3. अब जीरा डालें, चटकने लगे तो हरी मिर्च डालें. अब भीगे हुए समा चावल डालकर 1-2 मिनट हल्का सा भून लें. यह स्टेप बहुत जरूरी है, इससे चावल खिले-खिले बनते हैं.
  4. अब 1.5 कप पानी, सेंधा नमक और काली मिर्च डालें.
उबाल आने दें. कुकर में 1 सीटी तक पकाएं और अगर कढ़ाही में पका रहे हैं तो ढककर धीमी आंच पर 8-10 मिनट पकाएं.
  5. आखिर में गैस बंद करके 5 मिनट ढका रहने दें, फिर फोर्क से हल्के हाथ से फुलाएं. ऊपर से भुनी मूंगफली और हरा धनिया डालें.

खिला-खिला पुलाव के लिए जरूरी टिप्स

  1. पानी की मात्रा सही रखें (1:1.5 रेशियो).
  2. ज्यादा न चलाएं, वरना चावल टूट जाएंगे.
  3. भिगोने का समय ज्यादा न हो.
  4. पकने के बाद तुरंत न चलाएं, थोड़ा रेस्ट दें.