Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (18 मार्च 2026) की खबरों में दिल्ली में ‘फूल वालों की सैर’ का आगाज, दिल्ली में ट्रैफिक सिग्नलों पर भिक्षावृत्ति रोकने के लिए एक्शन में सरकार, अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में चुनाव कराने PM मोदी को दिया चैलेंज, पालम अग्निकांड: 5 मंजिला इमारत में भीषण आग, 3 बच्चों समेत 9 की मौत, उत्तम नगर तनाव: ईद से पहले मुस्लिम परिवार इलाके छोड़ने पर मजबूर प्रमुख रहा।

दिल्ली में ‘फूल वालों की सैर’ का आगाज

दिल्ली में एक बार फिर से ऐतिहासिक फूल वालों की सैर का आयोजन शुरू हो गया है। दिल्ली सचिवालय में शहनाई की मधुर धुनों के बीच इस उत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई मंत्री और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि फूल वालों की सैर सिर्फ एक त्योहार नहीं है, बल्कि यह दिल्ली की साझा संस्कृति और भाईचारे की जीवंत मिसाल है।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली में ट्रैफिक सिग्नलों पर भिक्षावृत्ति रोकने के लिए एक्शन में सरकार

दिल्ली की सड़कों, बाजारों और ट्रैफिक सिग्नलों पर बढ़ती भिक्षावृत्ति की समस्या से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। लोकसभा में दी गई जानकारी के मुताबिक, इस मुद्दे पर नियंत्रण के लिए दिल्ली पुलिस लगातार सक्रिय अभियान चला रही है। सरकार के अनुसार, राजधानी में भीख मांगने वालों की संख्या को कम करने के लिए पुलिस द्वारा प्रमुख चौराहों, रेड लाइट और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के तहत भिखारियों की पहचान कर उन्हें वहां से हटाने के साथ-साथ रेस्क्यू की कार्रवाई भी की जा रही है।

पढ़े पूरी खबर…..

अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में चुनाव कराने PM मोदी को दिया चैलेंज

अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने शराब घोटाले में आरोपमुक्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) पर तीखा हमला बोला है और बड़ी चुनावी चुनौती दे दी है। गोवा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने दावा किया कि अगर आज दिल्ली में विधानसभा चुनाव कराए जाएं, तो बीजेपी को 10 सीटें भी नहीं मिलेंगी, जबकि आम आदमी पार्टी 60 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी चुनाव हारी नहीं है, बल्कि बीजेपी ने “चुनाव हथिया लिया” है। केजरीवाल ने सीधे प्रधानमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि मौजूदा हालात में चुनाव कराए जाएं, तो नतीजे पूरी तरह अलग होंगे।

पढ़े पूरी खबर…..

पालम अग्निकांड: 5 मंजिला इमारत में भीषण आग, 3 बच्चों समेत 9 की मौत

राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। पांच मंजिला रिहायशी मकान में लगी इस आग में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। जिनमें 3 मासूम बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद इमारत में अफरा-तफरी मच गई। तेज लपटों और घने धुएं की वजह से कई लोग अंदर ही फंस गए और बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिल सका। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 30 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

पढ़े पूरी खबर…..

उत्तम नगर तनाव: ईद से पहले मुस्लिम परिवार इलाके छोड़ने पर मजबूर

दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दौरान एक लड़के की हत्या के मामले ने ईद पर सुरक्षा की चिंता बढ़ा दी है। इस बीच, ‘खून की होली’ खेलने की धमकियों के बीच दिल्ली हाई कोर्ट ने सुरक्षा से जुड़ी एक याचिका सुनवाई के लिए स्वीकार कर ली है। याचिका में कोर्ट से यह मांग की गई है कि ईद के दौरान उत्तम नगर क्षेत्र में सुरक्षा के पर्याप्त उपाय किए जाएं। याचिका में आरोप लगाया गया है कि इलाके के लोगों को धमकी दी जा रही है कि इस ईद पर ‘खून की होली’ खेली जाएगी।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

दिल्ली एम्स में शुरू हुआ एडवांस ब्रेन टेस्ट: देश के प्रमुख सरकारी अस्पताल एम्स नई दिल्ली में इलाज कराने आने वाले मरीजों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। अस्पताल में अब ब्रेन से जुड़ी जटिल बीमारियों की जांच के लिए अत्याधुनिक Human Anti-Neurofascin 140 (Anti-NF140) टेस्ट की शुरुआत की जा रही है।अब तक इस खास टेस्ट के लिए मरीजों को निजी लैब या दूसरे बड़े संस्थानों का रुख करना पड़ता था। लेकिन एम्स में यह सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को कहीं और जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी। (पढ़े पूरी खबर)

यमुना निरीक्षण के लिए दिल्ली सरकार खरीदेगी करोड़ों की 2 VIP नावें: दिल्ली। दिल्ली सरकार (Delhi Government) यमुना नदी (Yamuna River) के निगरानी और निरीक्षण के लिए 2 हाई-एंड VIP नावें खरीदने जा रही है। इसके लिए लगभग 6.20 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है। टेंडर नोटिस सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग (I&FC) ने 12 मार्च को जारी किया। प्रत्येक नाव में AC केबिन होगी और नाव की अनुमानित कीमत 3.10 करोड़ रुपये है। इन नावों का इस्तेमाल यमुना नदी की नियमित निगरानी और निरीक्षण कार्यों के लिए किया जाएगा। (पढ़े पूरी खबर)

नवरात्रि पर झंडेवालान माता मंदिर दर्शन ट्रैफिक एडवाइजरी: दिल्ली। इस बार नवरात्रि का शुभारंभ 19 मार्च से हो रहा है और यह त्योहार 27 मार्च तक चलेगा। दिल्ली की ट्रैफिक पुलिस ने झंडेवालान माता मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। नवरात्रि के दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसके चलते आसपास के इलाकों में भारी जाम लग सकता है। पुलिस ने सभी लोगों से पूर्व नियोजन करने और सार्वजनिक परिवहन या पार्किंग सुविधाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। मंदिर आने से पहले रूट और समय की योजना बनाएं।यदि संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। मंदिर के आसपास जाम और भीड़भाड़ के कारण धैर्य बनाए रखें। (पढ़े पूरी खबर)

अरविंद केजरीवाल की जेल यात्रा की डॉक्यूमेंट्री:  दिल्ली शराब घोटाले में कोर्ट से जमानत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल एक बार फिर से पुराने अंदाज में दिख रहे हैं। केजरीवाल पीएम मोदी को दिल्ली में चुनाव कराने का चैलेंज दे रहे हैं। बीजेपी शासित गोवा राज्य में पार्टी को मजबूत करने में लगे हुए हैं। गोवा में लोगों की सहानभूति पाने अब अरविंद केजरीवाल की जेल यात्रा की डॉक्यूमेंट्री लोगों को दिखाई जाएगी। इससे पहले आम आदमी पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल के साथ ये डॉक्यूमेंट्री फिल्म देखी।  (पढ़े पूरी खबर)

सूर्यास्त के बाद महिला की गिरफ्तारी से पहले इजाजत जरूरी: दिल्ली की द्वारका कोर्ट ने हत्या के एक मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने महिला आरोपी की गिरफ्तारी को पूरी तरह अवैध और गैरकानूनी करार देते हुए उन्हें तुरंत रिहा करने का आदेश दिया। वहीं, मामले के अन्य दो आरोपियों सुमन यादव और विक्रम यादव को अदालत ने दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है, ताकि उनसे मामले से जुड़े और पूछताछ की जा सके। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m