Bihar Top News Today 22 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 22 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
PHED मंत्री के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट
पटना। बिहार की सियासत में उस वक्त उबाल आ गया जब राजद के पूर्व विधायक मुकेश रोशन ने नीतीश सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के मंत्री संजय सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रोशन ने मंत्री पर धोखाधड़ी, जमीन कब्जाने और आपराधिक मामलों में संलिप्तता के सनसनीखेज आरोप लगाए। मुकेश रोशन ने सबसे बड़ा हमला मंत्री की कानूनी स्थिति पर बोला। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ के एक न्यायालय द्वारा संजय सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। रोशन ने सवाल उठाया कि वारंट होने के बावजूद वे मंत्री पद पर कैसे बने हुए हैं? उन्होंने इसे संविधान और न्याय व्यवस्था का अपमान करार दिया।
पटना से लेकर लंदन तक बिहार दिवस की धूम
Bihar Diwas 2026: बिहार आज अपने गौरवशाली इतिहास का जश्न मना रहा है। बिहार दिवस के 114वें वर्षगांठ पर राजधानी पटना में का माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया है। ऐतिहासिक गांधी मैदान में 22 मार्च से तीन दिनों तक चलने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत होने जा रही है। इस खास मौके पर सीएम नीतीश शाम 5 बजे दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। वहीं, दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा बतौर विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मनीष कश्यप पर FIR
बेतिया। जिले में चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप एक बार फिर कानूनी विवादों में घिर गए हैं। नवलपुर थाने में एक ठेकेदार की शिकायत पर मनीष कश्यप और उनके सहयोगियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि विधानसभा चुनाव के दौरान रंगदारी न देने पर पुल निर्माण में धांधली का फर्जी वीडियो बनाकर काम रुकवाने की धमकी दी गई।
महिला सिपाही ने की खुदकुशी
सुपौल। किशनपुर ब्लॉक परिसर स्थित सभा भवन के बाथरूम में एक महिला कॉन्स्टेबल का शव फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान आरा जिले के पटखौली निवासी 22 वर्षीय रितु कुमारी के रूप में हुई है। रितु की तैनाती मुजफ्फरपुर जिला बल में थी, लेकिन वर्तमान में वह सुपौल के भीमनगर में अपनी ट्रेनिंग पूरी कर रही थी।
पटना पुलिस की मेडिकल ट्रीटमेंट
पटना। राजधानी के मीठापुर बाईपास पर एक व्यक्ति अचानक चलते-चलते सड़क पर गिर पड़ा। लेकिन वहां तैनात एक ट्रैफिक कांस्टेबल की तत्परता ने मौत को मात दे दी। पुलिसकर्मी की सूझबूझ से एक CISF जवान की जान बच गई, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है। जानकारी के अनुसार, अचेत होने वाले व्यक्ति की पहचान नवादा जिले के निवासी कुंदन कुमार के रूप में हुई है। कुंदन CISF में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत पिछले कुछ समय से खराब चल रही थी और वे अपने परिवार के साथ इलाज के लिए अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान मीठापुर बाईपास के पास वे अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर गए।
चैती छठ महापर्व आज से शुरू
Chaiti Chhath 2026: बिहार में लोकआस्था के महापर्व चैती छठ की शुरुआत आज रविवार 22 मार्च से शरू हो चुका है। चार दिनों तक चलने वाले छठ के पहले दिन व्रती स्नान कर शुद्ध भोजन करने के साथ करती हैं, जिसे नहाय-खाय कहा जाता है। छठ पूजा की तरह चैती छठ में भी उगते और डूबते भगवान सूर्य की पूजा की जाती है। बिहार के अलावा झारखंड, यूपी और अन्य कुछ राज्यों में भी इस त्योहार को बड़ी ही श्रद्धा और भाव के साथ मनाया जाता है। चैती छठ को देखते हुए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है।
भागलपुर का आर्मी जवान भोपाल में निधन
भागलपुर/भोपाल। बिहार के भागलपुर जिले के बौर थाना क्षेत्र स्थित मिर्जापुर गांव में उस वक्त मातम छा गया, जब आर्मी मेडिकल कोर (AMC) के हवलदार नीरज कुमार का पार्थिव शरीर उनके पैतृक निवास पहुंचा। भोपाल में ड्यूटी के दौरान एक सड़क दुर्घटना का शिकार हुए नीरज कुमार पिछले चार दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे थे, जिसे वे 20 मार्च को हार गए। सेना के अधिकारियों के अनुसार, नीरज कुमार भोपाल में तैनात थे। 16 मार्च को जब वे आधिकारिक कार्य से एक मेडिकल यूनिट से दूसरी यूनिट जा रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसे के बाद वे बेहोश होकर गिर पड़े और उन्हें तत्काल सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जवान के बड़े भाई ने बताया कि अस्पताल में उनका ऑपरेशन भी किया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ और उन्होंने अंतिम सांस ली।
एक्सप्रेस के पहिए में लगी आग
पटना/गया। रविवार की सुबह पटना से रांची जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस (12365) में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ट्रेन के एक कोच के पहिए से अचानक आग की लपटें और धुआं निकलने लगा। यह घटना बंधुआ स्टेशन के पास हुई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, रेल कर्मियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रविवार सुबह करीब 10 बजे जब ट्रेन अपनी रफ्तार में थी, तभी ब्रेकवैन से तीसरे कोच, बी-16 (बोगी नंबर EC 246998) के पहिए से भारी धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग की लपटें भी दिखाई देने लगीं। कोच के भीतर बैठे यात्रियों ने जैसे ही बाहर धुआं देखा, उनमें चीख-पुकार मच गई। जैसे ही लोको पायलट ने खतरे को भांपते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी, यात्री अपनी जान बचाने के लिए बोगियों से कूदकर दूर भागने लगे।
पार्षद के पति की मौत
मुजफ्फरपुर। जिले के कटरा थाना क्षेत्र में एक मामला सामने आया है। यहां पहसौल गांव (वार्ड नंबर-11) की वार्ड सदस्य रूपा कुमारी के पति उमेश सहनी उर्फ गोरख सहनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और शोक का माहौल है। परिजनों का सीधा आरोप है कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण उमेश सहनी की हत्या की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की देर शाम उमेश सहनी अपने कुछ दोस्तों के साथ एक पार्टी में शामिल होने गए थे। पार्टी के दौरान ही अचानक उनकी तबीयत खराब होने लगी। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
गंगा में डूबने से दो सगे मौसेरे भाइयों की मौत
भागलपुर। जिले से एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है, जहां खुशियां तो दूर, गम के माहौल में एक और बड़ा वज्रपात हो गया। नाना के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए दो मौसेरे भाइयों की गंगा नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा कहलगांव स्थित प्रसिद्ध बटेश्वर स्थान गंगा घाट पर घटित हुआ, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिजन अपने बुजुर्ग के अंतिम संस्कार के लिए घाट पर एकत्रित हुए थे। अंतिम क्रिया संपन्न होने के बाद परंपरा अनुसार सभी लोग गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान आशीष कुमार (15 वर्ष) और कृष्ण कुमार (16 वर्ष) भी नदी में उतरे। नहाते समय दोनों भाई अनजाने में गहरे पानी की ओर चले गए। पानी का बहाव और गहराई का अंदाजा न होने के कारण वे खुद को संभाल नहीं पाए और डूबने लगे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

