Bihar Top News Today 25 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 25 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
तेजस्वी बोले- दरोगा गिरफ्तार नहीं हुए तो पूरा मुजफ्फरपुर बंद होगा
मुजफ्फरपुर। जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के चोरनिया गांव में जगतवीर राय की मौत के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। घटना के 8 दिन बाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार और पुलिस प्रशासन को खुली चेतावनी दी है। तेजस्वी ने साफ लहजे में कहा कि यदि आरोपी थानाध्यक्ष की गिरफ्तारी जल्द नहीं हुई, तो पूरा मुजफ्फरपुर जिला बंद किया जाएगा।
दो शिक्षकों की मौत
Rohtas Bus Accident: बिहार के रोहतास में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां एक स्कूली बच्चों से भरी एक बस की एक ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी की बस में सवार दो शिक्षकों की मौके पर मौत हो गई। वहीं, 10 अधिक स्कूली बच्चे घायल हो गए। घटना परसथुआ थाना क्षेत्र के पास मोहनिया-आरा मार्ग पर हुई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
किसानों की मेहनत पर फिरा पानी
भागलपुर। जिले में पिछले दिनों हुई तेज आंधी और ओलांवृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। रबी सीजन 2025-26 के तहत खेतों में लहलहाती और कटाई के लिए तैयार खड़ी फसलों को कुदरत के कहर ने बर्बाद कर दिया है। इस बेमौसम आपदा से जिले के हजारों किसानों की साल भर की मेहनत और जमा-पूंजी पर पानी फिर गया है। जिला कृषि कार्यालय की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, जिले के 11 प्रखंडों में फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। भागलपुर में इस सीजन में कुल 1,20,746.2 हेक्टेयर भूमि पर रबी की बुआई की गई थी। मार्च के तीसरे और चौथे सप्ताह में आए मौसम के बदलाव ने 22,117.22 हेक्टेयर क्षेत्र को प्रभावित किया है। सबसे ज्यादा मार गेहूं और मक्का की फसलों पर पड़ी है, जो कटाई के मुहाने पर खड़ी थीं लेकिन तेज हवाओं के कारण खेतों में ही बिछ गईं।
गंगा में डूबे 3 युवक
पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर राजधानी पटना से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। बुधवार की सुबह जब श्रद्धालु उदयगामी सूर्य को अर्घ्य देने और पवित्र स्नान की तैयारी कर रहे थे, तभी पटना सिटी के मालसलामी थाना क्षेत्र स्थित दमराही घाट पर तीन युवक गंगा नदी की उफनती लहरों की चपेट में आ गए। इस हादसे में दो युवकों की जान चली गई है, जबकि एक अन्य युवक अब भी लापता बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, छठ पूजा के कारण दमराही घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। इसी दौरान तीन युवक आस्था की डुबकी लगाने के लिए गंगा नदी में उतरे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्नान करते समय युवक अनजाने में नदी के उस हिस्से में चले गए जहां पानी काफी गहरा था। नदी की तेज धारा और गहराई का अंदाजा न मिल पाने के कारण तीनों अपना संतुलन खो बैठे और देखते ही देखते गहरे पानी में समाने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बचाव का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण उन्हें तुरंत बचाना संभव नहीं हो सका।
बॉडीगार्ड्स के साथ कॉलेज में पढ़ाने पहुंचे मंत्री
पटना। बिहार की राजनीति के दिग्गज और कद्दावर मंत्री अशोक चौधरी बुधवार को एक बिल्कुल नए अवतार में नजर आए। जब वे पटना के प्रतिष्ठित एएन (AN) कॉलेज के परिसर में दाखिल हुए, तो उनके साथ सुरक्षाकर्मियों का काफिला तो था, लेकिन उनके हाथ में फाइलों की जगह पॉलिटिकल साइंस का सिलेबस था। यह कोई राजनीतिक दौरा नहीं, बल्कि एक शिक्षक के रूप में उनके नए सफर की शुरुआत थी।इस पूरे घटनाक्रम की सबसे खास बात यह रही कि अशोक चौधरी उसी भवन में छात्रों को पढ़ाने पहुंचे, जिसका निर्माण उन्होंने खुद मंत्री रहते हुए करवाया था। अपनी ही बनाई हुई इमारत में बतौर प्रोफेसर कदम रखना उनके लिए भावुक क्षण था। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने इसे महादेव का आशीर्वाद बताया। उन्होंने कहा, यह बहुत दुर्लभ होता है कि कोई व्यक्ति मंत्री पद पर रहते हुए छात्रों के बीच प्रोफेसर के रूप में जाए। मुझे खुशी है कि मुझे आज छात्रों से भी बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।
नीतीश ने विजय सिन्हा की थपथपाई पीठ
बक्सर। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भोजपुर और बक्सर में करोड़ों की योजनाओं का उपहार देते हुए पूर्ववर्ती लालू सरकार पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं का शिलान्यास करने के साथ-साथ यह स्पष्ट कर दिया कि बिहार की नई सरकार पूरी तरह से उनके द्वारा तय किए गए विकास के रोडमैप पर ही चलेगी। कार्यक्रम के दौरान एक खास दृश्य तब देखने को मिला जब अपना संबोधन समाप्त कर लौटे उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पीठ थपथपाई। विजय सिन्हा ने अपने भाषण में सरकार की उपलब्धियों का विस्तार से बखान किया था। वहीं, मंत्री अशोक चौधरी ने मंच से घोषणा की कि बिहार में भविष्य में बनने वाली कोई भी सरकार नीतीश कुमार के दिखाए रास्तों और नीतियों पर ही आगे बढ़ेगी।
BJP नेता रामसूरत राय के करीबी की हत्या
मुजफ्फरपुर। जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार रात गरहा थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव में पूर्व मंत्री और भाजपा नेता रामसूरत राय के करीबी हरिशंकर सिंह उर्फ हरि भगत (41) की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। बदमाशों ने इस वारदात को उनके बेटे के सामने अंजाम दिया। घटना उस वक्त हुई जब हरि भगत अपने बेटे हिमांशु के साथ खेत से गेहूं की दौनी कराकर बाइक से घर लौट रहे थे। मुरादपुर स्थित बुझावन भगत स्कूल के पास एक बाइक पर सवार अज्ञात अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका। बेटे के अनुसार, अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए बेटा बाइक से कूदकर खेतों की ओर भागा, जबकि अपराधियों ने हरि भगत को निशाना बनाया।
निशांत ने विधायकों के साथ की बैठक
पटना। बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ता दिख रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार इन दिनों जेडीयू (JDU) संगठन में पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। हाल ही में निशांत कुमार पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी के विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपने पिता के दिखाए रास्तों और मार्गदर्शन पर चलकर पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे। निशांत कुमार ने पार्टी कार्यालय में सारण प्रमंडल के अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक की। इस बैठक में चेतन आनंद, रुहेल रंजन और ऋतुराज कुमार जैसे युवा विधायकों की मौजूदगी ने भविष्य की राजनीति के संकेत दिए। साथ ही, मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले एमएलसी संजय गांधी भी इस दौरान उपस्थित रहे। निशांत ने कहा कि उनकी प्राथमिकता वरिष्ठ नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं को एक साथ लेकर चलने की है।
JDU बोली- गिरधारी यादव की सदस्यता खत्म हो
पटना। बांका से सांसद गिरधारी यादव की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। जनता दल (यूनाइटेड) ने अपनी ही पार्टी के सांसद के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए लोकसभा स्पीकर से उनकी सदस्यता रद्द करने की गुजारिश की है। जेडीयू संसदीय दल के नेता दिलेश्वर कामत ने आधिकारिक तौर पर गिरधारी यादव को अयोग्य ठहराने की मांग की है।
गैंगरेप करने वालों को उम्रकैद
जमुई। जमुई गैंगरेप के एक मामले में विशेष पॉक्सो कोर्ट ने कल मंगलवार को सख्त और ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। अदालत ने तीनों दोषियों को अंतिम सांस तक कठोर आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही हर आरोपी पर एक-एक लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। यह फैसला विशेष पॉक्सो न्यायाधीश महेश्वर दुबे की अदालत ने सुनाया है। दोषियों में मोहम्मद इमरान उर्फ चांद, मोहम्मद आफताब अंसारी और मोहम्मद सद्दाम हुसैन शामिल हैं। अदालत ने 37 पेज के फैसले में गवाहों के बयान, साक्ष्य और दोनों पक्षों की दलीलों के आधार पर तीनों को दोषी ठहराया है। कोर्ट ने 2 महीने में केस को स्पीडी ट्रायल चलाकर फैसला सुनाया है। अपराधियों ने 23 दिन तक नाबालिग के साथ गैंगरेप किया था।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

