Agniveer: केंद्र सरकार ने दिल्ली पुलिस भर्ती नियमों (Delhi Police Recruitment Rules) में बदलाव करते हुए पूर्व अग्निवीरों के लिए 20% आरक्षण का ऐलान किया है। उन्हें उम्र में छूट और फिजिकल टेस्ट से राहत भी दी गई है। गृह मंत्रालय की नई अधिसूचना के मुताबिक अब कॉन्स्टेबल (एग्जीक्यूटिव) के 20 प्रतिशत पद पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित होंगे। इसका मकसद सेना में चार साल की सेवा पूरी कर चुके अग्निवीरों को सुरक्षा बलों में समायोजित करना है।

नियमों के अनुसार, पूर्व अग्निवीरों को भर्ती में अधिकतम उम्र सीमा में तीन साल की छूट दी जाएगी। फिलहाल कॉन्स्टेबल पद के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष है. वहीं, अग्निवीर योजना के पहले बैच के उम्मीदवारों को अतिरिक्त पांच साल की छूट मिलेगी, जिससे उनकी अधिकतम उम्र सीमा 30 साल तक हो सकती है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सबसे बड़ी राहत यह है कि पूर्व अग्निवीरों को फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) से छूट दी गई है। यह भर्ती प्रक्रिया का सबसे कठिन चरण माना जाता है, जिसमें दौड़ जैसे शारीरिक परीक्षण शामिल होते हैं। हालांकि, उन्हें फिजिकल मेजरमेंट और मेडिकल जांच के नियमों का पालन करना होगा, जो सभी उम्मीदवारों के लिए समान रहेंगे।

भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश, जैसे लिखित परीक्षा और अन्य टेस्ट, दिल्ली पुलिस कमिश्नर द्वारा अलग से जारी किए जाएंगे. गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। अब तक दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल की भर्ती 100% सीधे तौर पर की जाती थी, लेकिन इस बदलाव के बाद पूर्व अग्निवीरों को प्राथमिकता दी जाएगी। यह कदम केंद्र सरकार की उस व्यापक योजना का हिस्सा है, जिसमें अग्निवीरों को सेवा के बाद विभिन्न सुरक्षा बलों में रोजगार देने पर जोर दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m