लखनऊ. बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने शनिवार को हुए नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर बयान दिया है. उन्होंने इस एयरपोर्ट श्रेय लेने की कोशिश की है. उन्होंने दावा किया है कि इस हवाई अड्डे का सारा काम उनके कार्यकाल में हुआ है. यदि केंद्र में बैठी कांग्रेस की सरकार ने उनके काम में रुकावट नहीं डाली होती तो ये हवाई अड्डा उनके कार्यकाल में ही पूरा हो चुका होता. उन्होंने सपा सरकार पर निशाना साधा.

मायावती ने कहा कि ‘काफी लम्बे इंतजार के बाद जेवर में नोएडा इण्टरनेशनल हवाई अड्डा के प्रथम चरण का कल उद्घाटन हुआ, जबकि इसकी रूपरेखा ही नहीं बल्कि इसके सभी ज़रूरी बुनियादी कार्य बीएसपी की मेरी सरकार में ही शुरू हो गये थे. इतना ही नहीं बल्कि उस समय केन्द्र में रही कांग्रेस पार्टी की सरकार अगर रोड़ा नहीं अटकाती तो विकास का यह कार्य, यमुना एक्सप्रेसवे आदि की तरह, काफी पहले मेरी सरकार में ही पूरा हो गया होता.’

इसे भी पढ़ें : बारी-बारी से सभी को ठोका जा रहा है… सपा नेता नसीमुद्दीन का बयान, कहा- सबका नंबर आएगा, ब्राह्मणों के लिए कही ये बात

बसपा सुप्रीमो ने आगे लिखा कि ‘जहां तक सपा सरकार का सवाल है तो इनका ज़्यादातर समय उत्तर प्रदेश की ग़रीबी व पिछड़ेपन आदि को दूर करने के लिए विकास के ठोस कार्य करने के बजाय, ख़ासकर बीएसपी सरकार द्वारा समाज के कमज़ोर तबक़ों के हित, कल्याण व उनके उत्थान के लिए लिए गए ऐतिहासिक फैसलों और किए गए महत्वपूर्ण कार्यों को निष्क्रिय बनाने के साथ-साथ बहुजन समाज में जन्में महान संतों, गुरुओं व महापुरुषों के आदर-सम्मान में निर्मित शिक्षण व मेडिकल संस्थानों और ज़िला आदि का नाम बदलने व उनके नाम पर बने स्थलों, स्मारकों, और पार्कों आदि की अनदेखी व उपेक्षा करने के नकारात्मक, जातिवादी और राजनीतिक द्वेष में ही ज्यादातर समय लगी रही, जो किसी से भी छिपा हुआ नहीं है.’

मायावती ने आगे लिखा कि ‘अतः इन सबके मद्देनजर यूपी की जनता से अपील है कि वे विरोधी पार्टियों की छलावापूर्ण राजनीतिऔर बहकावे में ना आकर बीएसपी के ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की नीति व सिद्धान्त में विश्वास रखते हुये अपने व प्रदेश के विकास के लिए बीएसपी के आयरन नेतृत्व पर ही भरोसा करें. इसके साथ ही, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की अलग से बेंच व उनके लिये अलग से प्रदेश बनाने का सपना ना जाने कब पूरा होगा?’