कुंदन कुमार, पटना। सीएम नीतीश ने 30 मार्च को एमएलसी पद से इस्तीफा दे दिया। वहीं, अगले कुछ दिनों में वह बिहार के मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा दे सकते हैं। ऐसे में बिहार का अगला सीएम कौन होगा? इसे लेकर अटकलों का दौर जारी है। इस बीच जदयू के विधान पार्षद खालिद अनवर ने लल्लूराम डॉट कॉम से बात करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा है।

‘सीएम नीतीश कोई कांशीराम नहीं’

दरअसल जब खालिद अनवर से यह पूछा गया कि तेजस्वी यादव और पप्पू यादव कह रहे हैं कि सीएम नीतीश पर बीजेपी नगिरानी रख रही है। इसपर उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि, बिहार मुख्यमंत्री कोई कांशीराम नहीं हैं की कोई उनकी निगरानी करे? वो खुद बड़े नेता हैं। बिहार में मुख्यमंत्री हैं। आज भी वो हमेशा बिहार के विकास को लेकर चिंतित रहते हैं और कार्य करते रहते हैं, जो लोग कुछ से कुछ भ्रम फैला रहे हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि मुख्यमंत्री जी अभी भी पूरे बिहार में चल रहे विकास कार्यों का लगातार जायजा लेते हैं। फीडबैक भी अधिकारियों से लेते रहते हैं।

तेजस्वी को मांगनी चाहिए माफी

वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा केरल में बिहार को गरीब राज्य बताए जाने पर खालिद अनवर ने कहा कि, तेजस्वी यादव को बिहार के बाहर जाकर बिहार को लेकर गलत बात नहीं बोलना चाहिए था, जबकि उनका रहना, खाना, पीना सब बिहार से ही होता है। ये बात उन्हें याद रखना चाहिए थी, जो भाषा वो केरल जाकर बोले हैं, उसके लिए उन्हें बिहार की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

सीएम नीतीश ने पटना में लिया विकास कार्यों का जायजा

बता दें कि सीएम नीतीश आज गुरुवार को पटना में विभिन्न निर्माणाधीन योजनाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को तेजी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। सीएम नीतीश ने पाटलिपुत्रा कॉलोनी में निर्माणाधीन पाटलिपुत्रा पार्क नम्बर 113 का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां लोगों के घूमने-फिरने, जिम, बच्चों के खेल-कूद की सुविधायें सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और निर्माणाधीन पार्क के विभिन्न भागों का भ्रमण किया। इसके अलावा उन्होंने पाटिल पथ पर नेहरू पथ को पाटलि पथ से जोड़ने हेतु किए जा रहे निर्माण कार्य के संबंध में भी जानकारी ली और अधिकारियों जरूरी दिशा- निर्देश दिया।

तेजस्वी के इस बयान पर छिड़ा है घमासान

दरअसल तेजस्वी यादव कल 1 अप्रैल को केरल के कोझिकोड पहुंचे थे, जहां मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा था कि, उन्हें पूरा भरोसा है कि इस बार LDF फिर से चुनाव जीतेगा और सरकार बनाएगा। तेजस्वी ने कहा कि, जिस प्रकार से केरलम में पिछले 10 सालों में जो काम हुआ है, हम बिहार से आते हैं जो देश का सबसे गरीब राज्य है इसलिए हम उस विकास को समझ सकते हैं।

तेजस्वी ने आगे कहा कि, स्वास्थ्य और शिक्षा की बात करें तो भी हमारा (बिहार) प्रदेश सबसे नीचे पायदान पर है, लेकिन केरलम में शिक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य विभाग उच्चतम है। हम केरलम के विकास का उदाहरण देते हैं। बावजूद इसके कि केंद्र सरकार ने केरलम के साथ सौतेला व्यवहार किया है। हम चाहते हैं कि एक बार फिर LDF ही चुनाव जीते।

ये भी पढ़ें- …तो आप कैसा बेटा हैं जी? जनसंवाद कार्यक्रम में बुजुर्ग मां के साथ पहुंचे युवक को विजय सिन्हा ने लगाई फटकार