रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. समाजवादी पार्टी के हरचंदपुर विधायक राहुल शिवगणेश लोधी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर समेत अन्य महापुरुषों के नाम पर बने स्मृति द्वारों को बार-बार गिराए जाने की घटनाओं पर गहरी नाराजगी जताई है. उन्होंने इसे महज एक संरचना को नुकसान पहुंचाने की घटना नहीं, बल्कि दलित-पिछड़े और वंचित समाज के सम्मान पर हमला बताया.

विधायक राहुल लोधी ने कहा ‘सवाल सिर्फ एक गेट का नहीं, सम्मान का है. बार-बार समाजवादी विचारधारा से जुड़े स्मृति द्वारों को गिराने की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं. यह सिर्फ एक संरचना को नुकसान नहीं, बल्कि उन महापुरुषों के सम्मान पर चोट है, जिनके नाम पर ये द्वार बने हैं विशेषकर डॉ. भीमराव अंबेडकर जैसे महान समाज सुधारकों का.’ उन्होंने आगे सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं बार-बार होना संयोग नहीं लगता.

इसे भी पढ़ें : पैसे तो पहले ही मिल रहे हैं, फिर जनता की चिंता क्यों करें! प्रीपेड मीटर को लेकर अखिलेश का आरोप, कहा- सरकार और कंपनियों की मिलीभगत

विधायक ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा है कि “क्या यह महज संयोग है, या इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश है? क्यों बार-बार निशाना वही स्थान बनते हैं जो पिछड़े, दलित और वंचित समाज के सम्मान से जुड़े हैं?” विधायक ने कहा, “हमारी लड़ाई विकास के साथ-साथ सम्मान की भी है. समाज के हर वर्ग का मान-सम्मान सुरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है और हम इससे पीछे नहीं हटेंगे.