औरंगाबाद। जिले के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रोजी-रोटी की तलाश में पुणे गए 28 वर्षीय युवक विनय कुमार शर्मा की एक दर्दनाक हादसे में जान चली गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब विनय पुणे के उत्तम नगर स्थित ‘रंगलिया रेजिडेंसी’ में निर्माण कार्य कर रहे थे।
संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, विनय उत्तम नगर सोसाइटी में सरिया सेटिंग का काम कर रहे थे। काम के दौरान तीसरी मंजिल पर उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे जमीन पर आ गिरे। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। बुधवार को जब विनय का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा, तो पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई।
अगले महीने होनी थी शादी
मृतक के जुड़वा भाई कुंदन कुमार ने भर्राई आंखों से बताया कि विनय चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। घर में इन दिनों उत्सव जैसा माहौल था क्योंकि अगले महीने, यानी मई में विनय की शादी होने वाली थी। परिवार के सदस्य शादी की खरीदारी और तैयारियों में जुटे थे। विनय ने भी वादा किया था कि वह जल्द ही छुट्टी लेकर घर लौटेगा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। जिस घर से बारात निकलनी थी, वहां से अब उसकी अर्थी उठी।
2019 से पुणे में कर रहे थे मजदूरी
विनय अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए साल 2019 से ही पुणे में रहकर मजदूरी कर रहे थे। वह औरंगाबाद के कुटुंबा थाना क्षेत्र के सिमरी कला गांव के निवासी थे। वह अपने बड़े भाई और अन्य साथियों के साथ रहकर मेहनत-मजदूरी से परिवार का भरण-पोषण करते थे।
गांव में पसरा सन्नाटा
पुणे पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस हादसे ने न केवल परिवार को तोड़ दिया है, बल्कि पूरे सिमरी कला गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं, लेकिन बूढ़े माता-पिता और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

