Bihar News: सीएम नीतीश कुमार ने आज शुक्रवार (10 अप्रैल) को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। राज्यसभा सभापति एवं देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने संसद भवन में उन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही नीतीश कुमार चारो सदनों के सदस्य बनने वाले नेता बन गए। मुख्यमंत्री नीतीश द्वारा राज्यसभा की शपथ लेने पर पीएम मोदी समेत अन्य नेताओं ने उन्हें बधाई एंव शुभकामनाएं दी है।

‘संसद में उन्हें फिर से देखना सुखद होगा’

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए लिखा, नीतीश कुमार जी देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं। सुशासन को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ सराहना हुई है। उन्होंने बिहार के विकास में अमिट योगदान दिया है। उन्हें एक बार फिर संसद में देखना बहुत सुखद होगा। सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने कई वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव से संसद की गरिमा और बढ़ेगी। राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने पर उन्हें हार्दिक बधाई और आगे के कार्यकाल के लिए ढेरों शुभकामनाएं।

बीजेपी ने दिया बड़ा धोखा- अखिलेश यादव

नीतीश कुमार के राज्यसभा पद की शपथ लेने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। अखिलेश यादव ने कहा है कि मैं तो चाहता था कि वो प्रधानमंत्री के रूप में रिटायर हों। हमारे इंडिया गठबंधन के बहुत सारे साथियों की कोशिश थी कि वो प्रधानमंत्री बनकर रिटायर होते। लेकिन अब सुनने में आ रहा है और लग रहा है कि राज्यसभा के सदस्य के रूप में वो रिटायर हो जाएंगे। अखिलेश ने आगे कहा कि, सोचिए बीजेपी ने कितना बड़ा धोखा उन्हें दिया है। उनके लोगों के साथ कितना बड़ा धोखा हुआ है।

शपथ समारोह के दौरान मौजूद थे सम्राट चौधरी

वहीं, बिहार के डिप्टी सीएम और सीएम बनने की रेस में सबसे आगे चल रहे सम्राट चौधरी ने भी नीतीश कुमार को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि, नई दिल्ली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करने के अवसर पर उपस्थिति रही। उन्हें पहली बार राज्यसभा सदस्य बनने पर हार्दिक बधाई एवं ह्रदयशः शुभकामनाएं दीं।

सम्राट चौधरी ने कहा कि, नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने सुशासन, बेहतर व्यवस्था और चतुर्मुखी क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। न्याय के साथ विकास के संकल्प ने बिहार को नई पहचान दी है। हमें पूर्ण विश्वास है कि संसद में आपका अनुभव और दूरदर्शिता देशहित में नई दिशा देगा।

जल्द देंगे सीएम पद से इस्तीफा

राज्यसभा पद की शपथ लेने के बाद सीएम नीतीश अब जल्द ही पटना लौट सकते हैं। अगले कुछ दिन में ही वह मुख्यमंत्री पद से भी अपना इस्तीफा दे सकते हैं, जिसके बाद बिहार की राजनीति में एक बड़ा परिर्वतन देखने को मिल सकता है। उनके बाद सीएम की रेस में सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है। हालांकि जदयू की ओर से निशांत को भी सीएम बनाने की मांग लगातार उठ रही है। ऐसे में अब देखने वाली होगी की बिहार की राजनीति में अगले कुछ दिनों में कौन-कौन से सियासी घटनाक्रम देखने को मिलते हैं।

ये भी पढ़ें- नीतीश के राज्यसभा सांसद बनने पर मांझी ने नहीं दी बधाई, जानें क्या है कारण, भावुक होते हुए सोशल मीडिया पर लिखी ये बात