कुंदन कुमार, पटना। पटना के बापू सभागार में आगामी 13 अप्रैल को इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी के द्वारा पान समाज सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। पार्टी के विधायक आई पी गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि, इस सम्मान समारोह में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव जैसे नेता भी मौजूद रहेंगे।

‘पान समाज को हक दिलाना हमारी लड़ाई’

आई पी गुप्ता ने कहा कि, मैने पूरे बिहार में तांती ततवा पान समाज को चुनाव से पहले एकजुट किया था। पटना के गांधी मैदान में जो रैली हमने किया पार्टी बनाया, उस पार्टी की बदौलत हम चुनाव जीते। उन्होंने कहा कि, हमारी लड़ाई अस्सी लाख पान समाज को हक दिलाने की है। हम अब इस समाज के बच्चे को पढ़ाने का भी व्यवस्था कर रहे हैं।

मेधावी छात्रों को करेंगे सम्मानित

उन्होंने बताया कि, 13 अप्रैल को गांधी मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में बिहार के कोने-कोने से हमारे समाज के बच्चे आएंगे। मैट्रिक और इंटर में जो बच्चे अच्छे अंक लाए हैं, उन्हें भी सम्मानित करने का काम किया जाएगा। वहीं, साथ ही उनके अच्छे पढ़ाई की व्यवस्था के लिए हमने पटना के अच्छे-अच्छे कोचिंग संस्थान से टाई अप करने का भी काम किया है।

बीजेपी को हराकर बने थे विधायक

तेजस्वी यादव के करीबी माने जाने वाले आईपी गुप्ता (इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता) सहरसा से विधायक हैं। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के पूर्व मंत्री आलोक रंजन झा को हराकर जीत हासिल की थी। आईपी गुप्ता इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। 2025 में उन्होंने महागठबंधन के साथ चुनाव लड़ा था।

राज्यसभा में राजद उम्मीदवार को किया वोट

बता दें कि हालही में बिहार की 5 राज्यसभा सीटों पर हुए चुनाव में आईपी गुप्ता ने राजद उम्मीदवार अजय सिंह धारी को अपना वोट दिया था। हालांकि महागठबंधन के 4 विधायकों के मतदान प्रक्रिया में भाग नहीं लेने की वजह से राजद उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा था। इनमें राजद के एक और कांग्रेस के 3 विधायक शामिल थे।

ये भी पढ़ें- ‘संसद में उन्हें देखना सुखद होगा’, CM नीतीश के राज्यसभा पद की शपथ लेने पर PM ने दी बधाई, अखिलेश ने कही ये बात