अंबाला। अंबाला छावनी के बाजारों में अतिक्रमण की समस्या से निपटने के लिए नगर परिषद की टीम एक बार फिर एक्शन मोड में नजर आई। बाजारों में सड़क तक सामान फैलाकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए टीम ने न केवल चालान काटे, बल्कि सड़क पर रखा सामान भी जब्त कर लिया।
रामबाग रोड पर विशेष अभियान
अंबाला कैंट के व्यस्त बाजारों में अवैध अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के लिए नगर परिषद की टीम समय-समय पर अभियान चलाती है। आज की कार्रवाई के दौरान रामबाग रोड पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क पर रेहड़ी लगाकर सामान बेचने वालों और दुकान के बाहर कब्जा करने वालों के 5000-5000 रुपये के चालान काटे गए।
शहर को जाम से मुक्त बनाने के लिए जारी
नगर परिषद के इंस्पेक्टर सुनील दत्त ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए नियमित रूप से चलाया जाता है। उन्होंने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी भी दुकानदार का सामान सड़क पर पाया गया, तो उसे तत्काल जब्त कर लिया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाजारों में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ये कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

