अंकित तिवारी, रायसेन (बरेली)। रायसेन जिले की बरेली तहसील के ग्राम टिप्पा सेमरी में पानी की पाइपलाइन को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गुरुवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए इस विवाद में छत्रपाल सिंह राजपूत की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, एक पक्ष द्वारा खेत से जबरन पाइपलाइन निकालने का प्रयास किया जा रहा था, जिसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया और आरोपियों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में छत्रपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले बरेली सिविल अस्पताल और बाद में भोपाल एम्स रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया, जिसके बाद गुस्साए लोगों ने बरेली थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m