झारसुगुड़ा। ओडिशा के झारसुगुड़ा ज़िले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शनिवार रात एयरपोर्ट पुलिस थाना क्षेत्र के टंगरापाली गांव में एक महिला ने कथित तौर पर अपने ही दो नाबालिग बच्चों की हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला की पहचान रंजीता ओराम के रूप में हुई है, जबकि मृत बच्चों में उसकी बेटी जिज्ञासा ओराम और बेटा बिभांशु ओराम शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे।
बताया जा रहा है कि देर रात रंजीता ने अपने पति को जगाया और किसी बहाने से उसे घर से बाहर भेज दिया। जैसे ही पति बाहर गया, महिला ने घर को अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने कथित तौर पर एक धारदार हथियार से अपने दोनों बच्चों पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद महिला ने खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की। उसने अपने गले पर वार कर लिया। घर के भीतर से शोर-शराबा सुनकर पति को कुछ अनहोनी का अंदेशा हुआ। उसने पड़ोसियों की मदद से खिड़की तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया और महिला को गंभीर हालत में बाहर निकाला।
घायल महिला को तुरंत झारसुगुड़ा के ज़िला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बुर्ला स्थित VIMSAR अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस जघन्य वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और परिवार के सदस्यों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

