पटना। बिहार की राजनीति में आज मंगलवार का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। लंबे समय से मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार आज अपने पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं, जिसके बाद राज्य में नए मुख्यमंत्री के नाम का औपचारिक ऐलान किया जाएगा। राजनीतिक हलचल अपने चरम पर है और पूरे दिन कई महत्वपूर्ण बैठकों का दौर चलेगा। सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की अंतिम बैठक होगी। यह बैठक मौजूदा सरकार के कार्यकाल की औपचारिक समाप्ति मानी जा रही है। इसके बाद जेडीयू और बीजेपी विधायक दल की अलग-अलग बैठकें होंगी, जिनमें नए नेतृत्व और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

विधायक दल की बैठक

दोपहर 2 बजे एक अणे मार्ग स्थित आवास पर जेडीयू विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें विधायक अपना नया नेता चुनेंगे। इसके बाद सभी एनडीए घटक दल जैसे बीजेपी, हम, आरएलजेपी और आरएलएम भी अपनी-अपनी बैठकों में विधायक दल का नेता तय करेंगे। इसके बाद दोपहर में नीतीश कुमार राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके साथ ही मौजूदा सरकार औपचारिक रूप से समाप्त हो जाएगी। इस्तीफे के बाद शाम 4 बजे एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी।

नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करेंगे

बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, जो विधायक दल की बैठक में मौजूद रहकर नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करेंगे। माना जा रहा है कि उनकी निगरानी में ही अंतिम फैसला लिया जाएगा।

प्रधानमंत्री भी होंगे शामिल

सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह अगले दिन सुबह 11 बजे राजभवन में आयोजित किया जाएगा। इसमें नए मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे यह समारोह और भी खास बन सकता है।राजनीतिक हलचल के बीच यह देखना दिलचस्प होगा कि एनडीए किसे नया मुख्यमंत्री चुनता है और बिहार की सत्ता की कमान किसके हाथों में जाती है।