भागलपुर। शहर में नशे के सौदागरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे विरोध करने वाले परिवारों को जान से मारने पर उतारू हो गए हैं। ताजा मामला बरारी थाना क्षेत्र के काली स्थान इलाके का है, जहां सोमवार देर रात शराब और स्मैक की बिक्री का विरोध करने पर एक ही परिवार के चार सदस्यों को बेरहमी से पीटा गया। इस हमले में एक युवक का पैर टूट गया है, जबकि उसकी गर्भवती पत्नी को भी दबंगों ने नहीं बख्शा।
नशे के धंधे का विरोध बना रंजिश की वजह
पीड़ित पक्ष के पांडव यादव के अनुसार, उनके पाटीदार (रिश्तेदार) राजू यादव का परिवार लंबे समय से इलाके में अवैध शराब और स्मैक बेचने का काम करता है। पांडव का परिवार इस सामाजिक बुराई का लगातार विरोध कर रहा था, जो आरोपियों को रास नहीं आ रहा था। इसी रंजिश को लेकर सोमवार रात राजू यादव के बेटों मयंक और गुलशन ने घात लगाकर हमला बोल दिया।
गर्भवती महिला और बुजुर्ग मां पर भी वार
हमलावरों ने पहले बिरजू यादव को घेरकर लाठी-डंडों से पीटना शुरू किया और उनका एक पैर तोड़ दिया। जब चीख-पुकार सुनकर बिरजू की गर्भवती पत्नी पूजा देवी और मां गायत्री देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो आरोपियों ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया। मानवता की सारी हदें पार करते हुए हमलावरों ने गर्भवती महिला की शारीरिक स्थिति का भी लिहाज नहीं किया और उन्हें बुरी तरह चोटिल कर दिया।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस से कार्रवाई की गुहार
घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल मायागंज अस्पताल (JLNMCH) ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित परिवार ने बरारी थाना पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में नशाखोरी पर लगाम लगाने की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन और आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

