Abhishek Sharma Embarrassing Record: टी20 विश्व कप 2026 से लेकर आईपीएल 2026 तक काफी कुछ बदल गया है, लेकिन अगर कुछ नहीं बदला तो अभिषेक शर्मा का जीरो से रिश्ता. यह खिलाड़ी बार-बार डक हो रहा है. 13 अप्रैल की शाम आईपीएल के 21वें मुकाबले में भी अभिषेक पहली गेंद पर चलते बने. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में पहली ही गेंद पर उन्हें जोफ्रा आर्चर ने पवेलियन भेज दिया. वो बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में बाउंड्री पर रवि बिश्नोई के हाथों कैच आउट हो गए.

आईपीएल 2026 में तो यह उनका पहला गोल्ड डक है, लेकिन साल 2026 में वो बार-बार जीरो पर आउट हो रहे हैं. इस साल जीरो पर आउट होने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में अभिषेक टॉप पर पहुंच चुके हैं और उनके नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी जुड़ गया है. अभिषेक ने एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने का भारतीय रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है. 2026 में वो 7 बार बिना खाता खोले पवेलियन लौटे हैं. यह आंकड़ा हर किसी को हैरान कर रहा है, क्योंकि अभिषेक टी20 के नंबर 1 बल्लेबाज हैं और तूफानी बैटिंग से तबाही मचाते हैं.

रोहित शर्मा और संजू सैमसन का रिकॉर्ड टूटा

अभिषेक शर्मा अब एक साल में सबसे ज्यादा बार ‘डक’ पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने रोहित शर्मा और संजू सैमसन जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है. इससे पहले रोहित साल 2018 में 32 पारियों में 6 बार खाता नहीं खोल पाए थे, जबकि संजू 2024 में 32 पारियों में 6 बार जीरो पर आउट हुए थे.

एक साल में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले भारतीय

अभिषेक शर्मा (2026): 18 पारियां, 7 बार शून्य
रोहित शर्मा (2018): 32 पारियां, 6 बार शून्य
संजू सैमसन (2024): 32 पारियां, 6 बार शून्य
गुरकीरत सिंह मान (2013): 19 पारियां, 5 बार शून्य

2026 में 4 दफा गोल्ड डक हुए

आपको जानकर हैरानी होगी कि अभिषेक शर्मा अपनी पहली ही गेंद से बड़े शॉट खेलने की कोशिश करते हैं. उनका 165.67 का स्ट्राइक रेट उनकी ताकत है, लेकिन वो अपने टी20 करियर में कुल 16 बार डक हो चुके हैं, मतलब 16 दफा उनका खाता नहीं खुला. अकेले 2026 में वो 4 बार पहली गेंद पर पवेलियन लौटे, यानी गोल्ड डक हुए.

अभिषेक का शून्य से गहरा नाता

साल 2026 में अभिषेक शर्मा ने टी20 क्रिकेट में अब तक 18 मैच खेलकर 26.58 की औसत से 452 रन बनाए हैं. हालांकि उन्होंने 5 अर्धशतक भी जड़े हैं, लेकिन 7 बार ‘जीरो’ पर आउट होना हर किसी को चौंका रहा है. उनके शून्य पर आउट होने का सिलसिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 से शुरू हुआ था, जहां वे पहले तीन मैचों में खाता नहीं खोल पाए थे. यह सिलसिला आईपीएल 2026 तक जारी है.