पटना। शहर में साइबर अपराधियों ने एक बार फिर भावनात्मक जाल बिछाकर एक युवक को अपना शिकार बनाया है। 27 वर्षीय एक युवक से डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती कर 29 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। सबसे दुखद पहलू यह है कि यह रकम पीड़ित ने अपनी बहन की शादी के लिए पाई-पाई जोड़कर रखी थी, जो अगले महीने होने वाली है।

​डेटिंग ऐप से शुरू हुआ खूनी खेल

​ठगी की शुरुआत Schmooze नामक डेटिंग ऐप से हुई, जहां युवक की मुलाकात रैचल नाम की एक लड़की से हुई। धीरे-धीरे बातचीत व्हाट्सएप तक पहुंची, जहां फोटो और वीडियो साझा किए जाने लगे। लड़की ने युवक को अपने प्रेम के जाल में इस कदर फंसा लिया कि उसने शादी के सपने देखने शुरू कर दिए। वह इस बात से पूरी तरह अनजान था कि जिसे वह अपना हमसफर समझ रहा है, वह वास्तव में एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है।

​शादी का वादा और निवेश का झांसा

​रिश्ते में भरोसा बढ़ने के बाद लड़की ने भविष्य सुरक्षित करने का बहाना बनाया। उसने युवक से कहा, हम जल्द शादी करने वाले हैं, इसलिए हमारी आर्थिक स्थिति मजबूत होनी चाहिए। उसने युवक को Www.ebc.infx.com नामक एक फर्जी वेबसाइट पर निवेश करने के लिए उकसाया और दावा किया कि यहां पैसा लगाने पर वह दोगुना हो जाएगा।

​तीन किस्तों में लूटे 29 लाख रुपये

​लड़की की बातों में आकर युवक ने अपना विवेक खो दिया और तीन अलग-अलग तारीखों पर बड़ी रकम ट्रांसफर कर दी:

  • ​पहला निवेश: 6 दिसंबर 2025
  • ​दूसरा निवेश: 20 जनवरी 2026
  • ​तीसरा निवेश: 2 मार्च 2026

​कुल मिलाकर युवक ने 29 लाख रुपये उस फर्जी प्लेटफॉर्म पर लगा दिए। जैसे ही निवेश की प्रक्रिया पूरी हुई, लड़की ने बातचीत कम कर दी और अंततः पूरी तरह दूरी बना ली।

​बहन की शादी पर संकट, घरवाले अनजान

​जब वेबसाइट और लड़की दोनों से संपर्क टूट गया, तब युवक को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित एक प्राइवेट जॉब करता है। उसने पुलिस को बताया कि उसने इस घटना के बारे में घर पर किसी को नहीं बताया है। अगले महीने बहन की शादी है और वह बुरी तरह टूट चुका है कि अब शादी का खर्च कैसे उठाएगा।

​साइबर एक्सपर्ट की सलाह

​साइबर डीएसपी नीतिश चंद्र धारिया ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने आम जनता के लिए चेतावनी जारी की है:

  • ​सोशल मीडिया या डेटिंग ऐप्स पर मिलने वाले निवेश के विज्ञापनों और सुझावों से बचें।
  • ​रजिस्टर्ड कंपनियां कभी भी अलग-अलग व्यक्तिगत बैंक खातों में पैसा जमा नहीं करवाती हैं।
  • ​किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर बड़ी राशि का लेनदेन न करें।