प्रमोद कुमार/कैमूर। बिहार में पैक्स चुनाव की सरगर्मी के बीच कैमूर जिले के चैनपुर से एक बड़ा विवाद सामने आया है। आगामी 20 अप्रैल को होने वाले मतदान से महज चार दिन पहले एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में चैनपुर पैक्स अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मिथिलेश कुमार उर्फ पिंटू सिंह की आवाज होने का दावा किया जा रहा है, जिसमें एक विशेष समुदाय के प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि ‘लल्लूराम न्यूज’ इस वायरल ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
साजिश का आरोप और थाना में शिकायत
ऑडियो वायरल होने के बाद प्रत्याशी मिथिलेश कुमार उर्फ पिंटू सिंह ने इसे विरोधियों की एक सोची-समझी साजिश करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वायरल हो रहा ऑडियो पूरी तरह फर्जी और एडिटेड है। पिंटू सिंह ने इस मामले में चैनपुर थाना में लिखित आवेदन देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अपनी शिकायत में उन्होंने नौघरा गांव के रेहान डॉन नामक युवक पर आरोप लगाया है। प्रत्याशी के अनुसार, उक्त युवक आपराधिक प्रवृत्ति का है और वह चुनावी लाभ लेने के लिए उनके विपक्षी उम्मीदवारों के साथ मिलकर काम कर रहा है।
तीन बार की जीत से घबराया विपक्ष
मिथिलेश कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा, मैं लगातार तीन बार चैनपुर पैक्स का अध्यक्ष निर्वाचित हुआ हूं। इस बार भी क्षेत्र की जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। मेरी संभावित जीत से बौखलाकर विपक्षी दल मेरी छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब भी चुनाव आते हैं, उनके खिलाफ इसी तरह के षड्यंत्र रचे जाते हैं, लेकिन जनता सब समझती है।
सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश
प्रत्याशी ने जोर देकर कहा कि चैनपुर पंचायत में दोनों समुदायों के साथ उनके मधुर और पुराने रिश्ते हैं। दोनों ही समुदाय के लोग उनके समर्थक और वोटर हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि वे ऐसी किसी भी भ्रामक सामग्री या साजिश का शिकार न हों। पिंटू सिंह का दावा है कि इस बार भी वे भारी मतों से विजयी होंगे और विपक्षियों की यह चाल नाकाम रहेगी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल ऑडियो की तकनीकी जांच की जा रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

