अशोक कुमार जायसवाल, मुगलसराय. पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) क्षेत्र में शुक्रवार को एक महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई. यह घटना अलीनगर थाना क्षेत्र के सरेसर गांव के समीप दिल्ली–हावड़ा–पटना रेल लाइन पर हुई. मृतका की पहचान भोगवार गांव निवासी 48 वर्षीय राजमणि देवी, पत्नी विक्रम पटेल के रूप में हुई है.

इसे भी पढ़ें- पिछली सरकार है जिम्मेदार! सपा के भ्रष्टाचार की वजह से उजड़ रहा शास्त्रीनगर बाजार, ध्वस्तीकरण रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट में जूझती रही योगी सरकार

जानकारी के अनुसार, राजमणि देवी लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं. शुक्रवार सुबह लगभग 8 बजे वह अपने घर से लापता हो गई थीं. परिजन उनकी तलाश कर रहे थे. इसी दौरान सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने डीडीयू–पटना मेन लाइन पर (पोल संख्या 1074 के पास) एक शव देखा. सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव की पहचान राजमणि देवी के रूप में की गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और गांव में शोक छा गया.

इसे भी पढ़ें- बाप बड़ा न भैया, सबसे बड़ा रुपैया! चंद पैसों को लेकर बहन ने बेटे के साथ मिलकर भाई को सुलाई मौत की नींद, दिल दहला देगी कत्ल की कहानी

घटना की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अलीनगर पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. उन्होंने पुष्टि की कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.