आरिफ शेख, श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां घर से फरार हुए प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव एक ही पेड़ पर लटके मिले। जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। यह पूरा मामला बरगवां थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के मुताबिक, प्रेमी युगल एक दिन पहले ही अपने-अपने घरों से बिना बताए निकल गए थे। परिजनों ने तलाश की लेकिन जब दोनों का कोई सुराग नहीं लगा तो उन्होंने बरगवां थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया। इसी दौरान पुलिस को दोनों की अंतिम लोकेशन जंगल क्षेत्र में मिली।

ये भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म: पुलिस ने शिकायत के 2 घंटे बाद ही किया गिरफ्तार, आरोपी निकला पहले से शादीशुदा

पुलिस टीम परिजनों के साथ मौके पर पहुंची तो देखा कि दोनों ने एक ही पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी। यह दृश्य बेहद हृदयविदारक था, जिसे देख मौके पर मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए। पुलिस ने तत्काल दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।

ये भी पढ़ें: इश्क, जुनून और साजिश: भाजपा नेता ने खेला खूनी खेल, कार की टक्कर से मां-बेटे की मौत, प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से था खफा

बताया जा रहा है कि प्रेमी युगल के रिश्ते को लेकर परिवारों में असहमति थी, जिससे तनाव की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि पुलिस इस एंगल समेत अन्य संभावनाओं पर भी जांच कर रही है। बरगवां थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। बरगवां थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह तोमर का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। लेकिन पुलिस तफ्तीश कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m