Akshaya Tritiya Parashurama Jayanti. देशभर में आज अक्षय तृतीया (Akshaya Tritiya) और भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान श्री परशुराम जी का प्राकट्योत्सव (Parashurama Jayanti) मनाया जा रहा है. आज का ये दिन सनातन परंपरा में परम पावन और पवित्र माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन जो भी शुभ कार्य किये जाते हैं, उनका अक्षय फल मिलता है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पावन पर्व के अवसर पर देश एवं प्रदेशवासियों को मंगलमय शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की.

योगी ने एक पोस्ट साझा कर लिखा कि ‘समृद्धि, सौभाग्य और पुण्य प्राप्ति का प्रतीक, पावन पर्व अक्षय तृतीया की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. भगवान श्री विष्णु जी एवं मां लक्ष्मी जी से प्रार्थना है कि यह पावन तिथि सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगलमयता का संचार करे तथा हर घर में आनंद और उन्नति का प्रकाश फैलाए.’

इसे भी पढ़ें : Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 19 April : श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन

भगवान परशुराम के प्राकट्य दिवस पर बधाई देते हुए योगी ने लिखा कि ‘भगवान श्री विष्णु के छठवें अवतार, तप एवं पराक्रम के पावन प्रतीक, भगवान श्री परशुराम की जयंती की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. ‘आवेशावतार’ भगवान श्री परशुराम से प्रार्थना है कि उनकी कृपा से सभी के जीवन में साहस, सद्बुद्धि और धर्मनिष्ठा का संचार हो तथा समाज में सत्य, न्याय और धर्म की स्थापना सुदृढ़ हो.’

मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा

मान्यता है कि इस दिन मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा करने से विशेष कृपा प्राप्त होती है. इससे घर में सुख-शांति और धन-समृद्धि बढ़ती है. साथ ही सोना-चांदी या अन्य कीमती वस्तुएं खरीदना स्थायी समृद्धि का प्रतीक मानी जाती जाता है.

अक्षय तृतीया पर 14 महादानों का उल्लेख

शास्त्रों में अक्षय तृतीया पर 14 महादानों का उल्लेख मिलता है. इनमें अन्न दान, जल दान, वस्त्र दान, स्वर्ण दान, चांदी दान, भूमि दान , गौ दान, विद्या दान, औषधि दान , कन्या दान, गृह निर्माण में सहायता, दीप दान और पुस्तक दान शामिल है. इन दानों से अक्षय पुण्य और सुख-समृद्धि की प्राप्ति मानी जाती है.