हाल ही में कस्टम विभाग द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन नुमखोर’ के जरिए गाड़ियों की बड़ी तस्करी का पर्दाफाश हुआ है. जांच में पता चला है कि भूटान के रास्ते करीब 15,849 गाड़ियां बिना टैक्स और ड्यूटी चुकाए भारत में रजिस्टर कराई गईं. इसके खुलासे के लिए ही ‘ऑपरेशन नुमखोर’ शुरू किया गया है. नुमखोर एक भूटानी शब्द है, जिसका मतलब वाहन से है. इससे सरकार को सैकड़ों करोड़ रुपये का चूना लगा है. दरअसल, सीमा शुल्क विभाग ने पहले केरल में सिर्फ 35-40 लग्जरी कारों की जांच शुरू की थी, लेकिन परतें खुलीं तो यह संख्या बढ़कर 15,849 तक पहुंच गई.

रडार पर कई फिल्मी सितारे

इस मामले में कई मशहूर हस्तियों और फिल्मी सितारों के नाम भी सामने आ रहे हैं, जिन्होंने नियमों को ताक पर रखकर ये गाड़ियां खरीदीं. भूटान से सटी सीमा वाले पूर्वोत्तर राज्यों में लगभग सभी वाहन फर्जी तरीके से पंजीकृत थे. अकेले असम में 464 वाहन पंजीकृत थे. केरल से 50 से अधिक वाहन जब्त किए गए. सीमा शुल्क अधिकारियों ने कोयंबटूर स्थित एक गिरोह के बारे में बताया जो पिछले 10-15 सालों से इस नेटवर्क को चला रहा था.

इस बीच, अभिनेता दुलकर सलमान को कथित तौर पर भूटान से तस्करी करके लाई जा रही दो कारों की जब्ती के सिलसिले में सीमा शुल्क विभाग द्वारा पूछताछ के लिए व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए कहा गया. इसके अलावा, अमित चमक्कल की लग्जरी कार भी आज अधिकारियों ने एर्नाकुलम स्थित उनके घर से जब्त कर ली.

डिजिटल ऑडिट में सामने आई गड़बड़ी

भूटान के रास्ते अवैध तरीके से लाई जा रही गाड़ियों की पोल ‘नेशनल व्हीकल रजिस्ट्री’ के डिजिटल ऑडिट में खुली. कई गाड़ियों को सेना से बेची गई पुरानी गाड़ियां बताकर फर्जी ‘डिस्पोजल सर्टिफिकेट’ के आधार पर लाया गया. चालाकी तो देखिए महंगी कारों के लिए मंत्रालय और विदेशी दूतावासों नकली डॉक्युमेंट्स बनाए गए, ताकि भारी कस्टम ड्यूटी से बचा जा सके.कस्टम विभाग ने जब कागज जांचे तो हाई-क्वालिटी के नकली दस्तावेजों की पोल खुल गई, जो देखने में बिल्कुल असली लग रहे थे.

असली जैसे दिखने वाले दस्तावेज थे नकली

जब सीमा शुल्क विभाग ने इन कागजों की जांच की, तो पता चला कि ये असली जैसे दिखने वाले बेहद हाई-क्वालिटी के नकली दस्तावेज थे. भूटान से भारत में लग्जरी कारों की तस्करी और टैक्स चोरी रोकने के लिए केरल के मुन्नार में भारत-भूटान सीमा शुल्क अधिकारियों की 7वीं बैठक शुरू हुई है. इसमें तस्करी की गई SUV और महंगी गाड़ियों को पकड़ने और कड़े सुरक्षा उपायों पर चर्चा की जाएगी.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m