हिसार। हरियाणा के हिसार जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगवा गांव के पास तेज रफ्तार वैन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 28 वर्षीय गोविंद के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त मनीष के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार वैन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हॉस्पिटल ले जाने के दौरान हुई मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक और पास से गुजर रहे पैदल राहगीर दिनेश और इंद्रजीत भी इसकी चपेट में आ गए। हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान गोविंद ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी
घटना के बाद वैन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है। मृतक के परिवार में इस हादसे के बाद शोक का माहौल है।

