कुरुक्षेत्र। लाडवा के व्यस्त बाजार में मंगलवार रात एक ज्वेलर की दुकान पर लूट की वारदात हुई। बाइक पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के दम पर ज्वेलर को डराया और कीमती सामान लेकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, बजाजा बाजार निवासी शुकल्प कुमार अपनी दुकान पर बैठे थे। रात करीब साढ़े 8 बजे दो युवक बाइक से पहुंचे। एक युवक दुकान के अंदर दाखिल हुआ और आते ही ज्वेलर को पिस्तौल दिखाकर काबू में कर लिया।


धमकाकर छीना सामान
आरोपी ने ज्वेलर से तिजोरी की चाबी मांगी और विरोध करने पर जबरन उसके हाथों से अंगूठियां उतरवा लीं। इसके बाद उसने जेब से पर्स भी छीन लिया। जाते-जाते आरोपी ने पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और अपने साथी के साथ फरार हो गया।


जांच में जुटी पुलिस
वारदात के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।