MP Morning News: शब्बीर अहमद, भोपाल। सीएम डॉ मोहन यादव आज सागर जिले के दौरे पर रहेंगे। जहां वे नरयावली को करोड़ों रुपए के विकास की सौगात देंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री सुबह 11:40 बजे भोपाल से सागर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12:30 बजे सागर के नरयावली पहुंचेंगे। जहां सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण, 63 करोड़ की लागत वाले 75 विकासकार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। 41.20 करोड़ की लागत वाले 22 कार्यों का लोकार्पण और 22.21 करोड़ की लागत के 53 कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। साथ ही एमपी बोर्ड के मेधावी छात्रों को सम्मानित भी करेंगे।

कांग्रेस सेवादल का सत्याग्रह और उपवास आंदोलन

मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल आज 24 घंटे का सत्याग्रह और उपवास आंदोलन करेंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल जी देसाई और एमपी पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के निर्देशन में किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर यह प्रदर्शन होगा। भोपाल में यह आंदोलन आज सुबह 11.30 बजे से शुरू होकर कल सुबह 11.30 बजे तक चलेगा।

सिंहस्थ 2028 की तैयारी में जुटी एमपी पुलिस

एमपी पुलिस सिंहस्थ 2028 की तैयारी में जुट गई है। इसे लेकर डीजीपी कैलाश मकवाना ने समीक्षा की। ड्यूटी पर तैनात होने वाले पुलिस अधिकारी कर्मचारी की ट्रेनिंग होगी। सिंहस्थ पुलिस ड्यूटी पोर्टल पर अधिकारी कर्मचारी ड्यूटी करने के लिए आवेदन कर सकेंगे। सिंहस्थ साइबर सुरक्षा योजना पर भी काम शुरू हो गया है। साइबर सुरक्षा को लेकर पुलिस तैयारी कर रही है। क्राउड मैनेजमेंट पर फोकस रहेगा। उज्जैन सिंहस्थ में 30 करोड़ के लगभग श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

दिव्यांग बच्चों को स्कूल से निकाले जाने पर हाईकोर्ट ने दिखाई सख्ती

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की जबलपुर बेंच ने जिला शिक्षा अधिकारी से जांच रिपोर्ट मांगी है। जबलपुर के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों और उनकी संख्या से संबंधित जानकारी पेश करने के निर्देश दिए है। दरअसल, शहर के विजडम वैली स्कूल और जीडी गोयनका इंटरनेशनल स्कूल के द्वारा दिव्यांग बच्चों को निकालने की शिकायतें सामने आई थी। दिव्यांग बच्चों को स्कूल से निकालने को अदालत ने भेदभावपूर्ण रवैया माना है। एमपी हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की डबल बेंच में 29 अप्रैल को फिर सुनवाई होगी। आपको बता दें कि जबलपुर के रहने वाले सौरभ सुबैया ने HC में जनहित याचिका दायर की थी। जिसमें दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 और शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के पालन पर सवाल उठाए गए थे। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने दिव्यांग बच्चों को सुविधाएं न मिलने को मौलिक अधिकारों का हनन बताया। शहर के 50 सरकारी और 200 निजी स्कूलों का हवाला देकर याचिकाकर्ता ने विशेष शिक्षकों की तैनाती न होने पर उठाए सवाल है।

वर्षा जल संरक्षण डिंडोरी देश में पहले स्थान पर

मध्यप्रदेश ने केंद्र सरकार के जल संचय जन भागीदारी अभियान में उपलब्धि हासिल की है। जल शक्ति मंत्रालय की ओर से 22 अप्रैल को जारी रैंकिंग में एमपी का डिंडोरी जिला देश में पहले और खंडवा जिला दूसरे स्थान पर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में 19 मार्च से 30 जून 2026 तक “जल गंगा संवर्धन अभियान” संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य वर्षा जल का अधिकतम संचयन करना और पारंपरिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित करना है।

भोपाल में यहां धरना प्रदर्शन करना निषेध

भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहे पर धरना प्रदर्शन करना निषेध है। इस संबंध में पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने आदेश जारी कर दिया है। किसी भी तरह का धरना प्रदर्शन, आंदोलन रैली, पुतला दहन की अनुमति नहीं दी जाएगी।

भोजशाला विवाद पर सुनवाई जारी

भोजशाला विवाद को लेकर इंदौर हाईकोर्ट में सुनवाई जारी है। बुधवार को हाईकोर्ट ने ASI को अहम निर्देश दिए है। 98 दिन के सर्वे की पूरी वीडियोग्राफी देने के निर्देश दिए है। 27 अप्रैल तक सभी पक्षों को वीडियो उपलब्ध कराना अनिवार्य है। वीडियो के आधार पर पक्ष अपने तर्क रखेंगे। मुस्लिम पक्ष की याचिका पर डबल बेंच में सुनवाई जारी है। सुप्रीम कोर्ट के अयोध्या फैसले का हवाला दिया गया। ASI रिपोर्ट की वैधता और एविडेंस पर बहस केंद्रित है। सलमान खुर्शीद ने VC के जरिए तर्क रखे। टाइटल विवाद और याचिका की मेंटेनेबिलिटी मुख्य मुद्दे है। याचिकाकर्ता अब्दुल समद ने सर्वे प्रक्रिया पर सवाल उठाए। खुदाई में नुकसान और पक्षपात के आरोप लगाए है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m