UP WEATHER TODAY. उत्तर प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है. गर्मी ने जनजीवन प्रभावित कर रखा है. मौसम विभाग ने 22 से 26 अप्रैल तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में भयंकर लू की चेतावनी जारी की है. हालात को देखते हुए स्वास्थ्य और प्रशासनिक स्तर पर भी सतर्कता बरती जा रही है. इधर राजधानी लखनऊ समेत कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा और मेरठ जैसे बड़े शहरों में सुबह से ही तेज धूप ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं.

भीषण गर्मी के चलते बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है. विशेषज्ञों के अनुसार इस दौरान सबसे ज्यादा खतरा दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच रहता है, ऐसे में विभाग की ओर से लोगों को इस समय घर से बाहर ना निकलने की सलाह दी है. विभाग की मानें तो आने वाले दिन और गंभीर हो सकते हैं. 24 अप्रैल को लखनऊ, कानपुर, अयोध्या और गाजियाबाद सहित 50 से ज्यादा जिलों में लू का असर रहेगा. 25 अप्रैल को हालात सबसे ज्यादा खराब हो सकते हैं, जब करीब 60 जिलों में भीषण लू चलने के आसार हैं.

इसे भी पढ़ें : Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 23 April : श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन

बांदा में 45 डिग्री पहुंच चुका है तापमान

25 अप्रैल को मेरठ, बागपत, मुरादाबाद, झांसी, जालौन और महोबा जैसे जिलों में भी यही स्थिति होने के आसार हैं. 26 अप्रैल को पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, मऊ और बलिया में लू का असर बना रहेगा. बुंदेलखंड क्षेत्र में गर्मी ने सबसे ज्यादा असर दिखाया है. बांदा में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है, जबकि झांसी भी अत्यधिक गर्मी से जूझ रहा है.