चंडीगढ़। हरियाणा में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। दिन के साथ अब रातें भी लोगों को राहत नहीं दे रहीं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 24 अप्रैल तक राज्य के कई जिलों में लू और ‘वार्म नाइट’ को लेकर चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, 13 जिलों में लू का ‘यलो अलर्ट’ घोषित किया गया है, जबकि 8 शहरों में रात के समय भी तापमान अधिक रहने की संभावना है।

नारनौल रहा सबसे गर्म
प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है। नारनौल 42.5°C के साथ सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3°C अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान भी 1.7°C तक ऊपर बना हुआ है। 7 शहरों में रात का तापमान 24°C या उससे ज्यादा दर्ज किया गया।

किसानों के लिए एडवाइजरी
तेज गर्मी को देखते हुए किसानों को अगले 3–4 दिनों तक सरसों की कटाई और गहाई रोकने की सलाह दी गई है। कटी हुई फसल को सुरक्षित तरीके से बांधकर रखने को कहा गया है।

इसके अलावा फलों और सब्जियों पर कीटनाशकों का छिड़काव करने से भी फिलहाल बचने की सलाह दी गई है। पशुओं को भी गर्मी से बचाने के लिए विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और जरूरी एहतियात बरतने की जरूरत है।