कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधानसभा में विश्वास मत पर चर्चा के दौरान डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार (अनुपस्थिति) को याद करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि आज सदन में एक खालीपन महसूस हो रहा है।डिप्टी सीएम ने कहा कि, सदन में आज नीतीश जी नहीं है, ये अभाव दिख रहा है। लेकिन उनके स्मृतियों को याद करके उनके सपनों का बिहार बनाएंगे। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट जी के साथ उनके सपनो को साकार हमलोग करेंगे।

नीतीश ने अगली पीढ़ी को दिया मौका

डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा कि, जब हमारी संख्या कम थी, तब भाजपा ने हमारे नेता नीतीश जी को मुख्यमंत्री बनाया था, वो दिन याद है। आज सत्ता का हस्तांतरण हम लोगों ने किया है, जो की एक मिशाल है। हमारे नेता नीतीश जी की यह उदारता और महानता है कि उन्होंने अगली पीढ़ी को मौका दिया।

तेजस्वी को दी यह सलाह

चर्चा के दौरान डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, तेजस्वी यादव को इस बात का मलाल है कि उन्हें सत्ता का मौका नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि आपको (तेजस्वी) बिहार की जनता का भरोसा जीतना चाहिए। अगर यही स्थिति रही तो एनडीए की तीसरी पीढ़ी भी बिहार पर शासन करेगी। डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि, “25 से 30” का जो जिक्र किया जा रहा है, वह भी नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही संभव होगा।

NDA की तीसरी पीढ़ी भी करेगी शासन- डिप्टी सीएम

इस दौरान डिप्टी सीएम ने सीएम सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नई सरकार को ‘ऐतिहासिक’ बताया और कहा कि एनडीए को लगातार जनसमर्थन मिलता आ रहा है, यही कारण है कि आज गठबंधन की दूसरी पीढ़ी सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि, किसी भी राज्य में एक गठबंधन को इतने लंबे समय तक जनता का भरोसा मिलना सामान्य बात नहीं है। डिप्टी सीएम ने कहा कि, अगर जनता का समर्थन इसी तरह बना रहा, तो एनडीए की तीसरी पीढ़ी भी बिहार पर शासन करेगी।

ये भी पढ़ें- Bihar Vidhansabha Session: बहुमत साबित करने से पहले RJD विधायक की CM सम्राट से बड़ी मांग