कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधानसभा में विश्वास मत पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सबसे पहले पीएम मोदी, पूर्व सीएम नीतीश कुमार, गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का धन्यवाद किया। इसके बाद सीएम सम्राट ने सदन में शामिल सभी सदस्यों का भी धन्यवाद किया।

‘नीतीश के शासन में लाया गया सुशासन’

संबोधन के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, एनडीए की सरकार में नीतीश जी के शासन में सुशासन लाया गया। कई योजनाएं चलाकर महिलाओं को बढ़ाया गया। तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी ने कई ऐतिहासिक कदम उठाया। उन्होंने कहा कि, पीएम मोदी चाहते हैं कि बिहार आगे बढ़े। हमारे नेता नीतीश जी बिहार को लगातार आगे बढ़ाने का काम किया है।

‘मेरे परिवार के 22 लोगों को जेल भेजा’

सम्राट चौधरी ने कहा कि सत्ता किसी का बपौती नहीं है। इससे बाहर निकलिए, ये सत्ता किसी की बपौती नहीं। आम जनता का आशीर्वाद है। उन्होंने तेजस्वी की ओर इशारा करते हुए कहा कि, सदन में कोई गलतफहमी में है। मेरे पिताजी (शकुनी चौधरी) ने नीतीश जी का साथ दिया। लालू यादव जी ने मेरे परिवार के 22 सदस्यों को जेल में भेजा था। मेरे कई चीजों पर ये लोग (विपक्ष) सवाल उठाते हैं।

‘तो मैं राजनीति में इतना सक्रिय नहीं होता’

सीएम सम्राट ने कहा कि, अगर लालू यादव का अत्याचार नहीं होता तो मैं राजनीति में इतना सक्रिय नहीं होता। उन्होंने कहा कि, भाजपा ही ऐसी पार्टी है, जिसने मुझे पार्टी का अध्यक्ष बनाया है। तेजस्वी जी गलतफहमी में नहीं रहे। सोशल मीडिया पर बहुत कुछ चलता है, चलने दीजिए। मैं सभी कोर्ट में केश लड़ा हूं। न्यायालय के आदेश को मानता हूं।

डिग्री के सवाल पर दिया यह जवाब

वहीं, तेजस्वी यादव द्वारा उनकी डिग्री को लेकर उठाए जा रहे सवाल पर भी सीएम सम्राट चौधरी ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि, डिग्री के मामले में आप पीछे छूट गए हैं। डिग्री के मामले में मैं कम नहीं हूं। इस दौरान उन्होंने कहा कि, लालू यादव युवा मुख्यमंत्री हुए लेकिन पूरे बिहार को लुट लिए। उन्होंने कहा कि हम नीतीश जी और मोदी जी के कहे हुए बात पर अडिग हूं, उसी के अनुसार काम होगा।

महिला आरक्षण को लेकर कही ये बात

इस दौरान उन्होंने महिला आरक्षण बिल का मुद्दा उठाते हुए सदन में कहा कि, महिला आरक्षण यदि पास होता तो और अच्छा होता। अभी हमारे साथ 29 महिला विधायक हैं। कानून पास होता तो यह संख्या और अधिक होती। सीएम सम्राट ने आगे कहा कि, मैं तो गारंटी देता हूं कि बिहार की पुलिस काम करेगी। महिलाओं के तरफ कोई भी नजर उठाएगा तो उसपर कठोर से कठोर कारवाई होगी।

‘नीतीश की वजह से बना मुख्यमंत्री’

सम्राट चौधरी ने कहा कि, नीतीश कुमार को कोई मुख्यमंत्री से नहीं हटा सकता है। ना राजनीति से हटा सकता है। ना दिल से।
उन्होंने कहा कि, मैं सरकार में दो नंबर पर था। मुझे नहीं पता था कि पार्टी क्या फैसला लेगी? लेकिन पार्टी ने मेरे नाम पर मुहर लगाय। सम्राट चौधरी ने साफ शब्दों कहा कि यह नीतीश कुमार की दृढ़ इच्छा शक्ति थी कि सम्राट चौधरी आज मुख्यमंत्री बना है।

ये भी पढ़ें- Bihar Vidhansabha Session: नीतीश को याद कर भावुक हुए डिप्टी CM विजय चौधरी, तेजस्वी को दी यह सलाह