रेवाड़ी जिले में 3 मई को आयोजित होने वाली नीट-यूजी परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। डीसी अभिषेक मीणा ने 11 केंद्रों पर 3788 परीक्षार्थियों के लिए पुख्ता सुरक्षा और सुविधाओं के इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

धनेश विद्यार्थी, रेवाड़ी। आगामी 3 मई को देश की सबसे बड़ी चिकित्सा प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी’ (NEET-UG) 2026 का आयोजन होने जा रहा है। रेवाड़ी जिले में इस परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए उपायुक्त अभिषेक मीणा ने सचिवालय सभागार में अधिकारियों की एक अहम समीक्षा बैठक ली। इस बैठक से पूर्व हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए सभी जिला उपायुक्तों को परीक्षा संबंधी तैयारियों को समय रहते पूरा करने के कड़े निर्देश दिए थे। जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकना और अभ्यर्थियों को एक तनावमुक्त वातावरण प्रदान करना है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और सुविधाओं पर जोर

बैठक के दौरान डीसी अभिषेक मीणा ने परीक्षा केंद्रों पर संसाधनों की उपलब्धता, ट्रैफिक मैनेजमेंट और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पुलिस विभाग को परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पार्किंग की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान बिजली की निर्बाध आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, शौचालयों की सफाई और बैठने की उचित व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, उपायुक्त ने अधिकारियों को परीक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचनाओं पर पैनी नजर रखने और त्वरित कार्रवाई करने के लिए भी सचेत किया है।

11 केंद्रों पर 3788 परीक्षार्थी: समय का रखें विशेष ध्यान

जिले में इस बार नीट-यूजी परीक्षा के लिए कुल 11 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ 3788 परीक्षार्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए समय सारिणी का सख्ती से पालन किया जाएगा। नियमों के अनुसार, परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 11:00 बजे शुरू कर दिया जाएगा, जबकि दोपहर 01:30 बजे केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को भीतर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा, नगराधीश जितेंद्र कुमार और जिला शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र हुड्डा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें अपनी-अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने के आदेश दिए गए हैं।