हरिद्वार. श्यामपुर थाना क्षेत्र के कांगड़ी गांव में बोरिंग के दौरान 55 साल का शख्स बोरवेल के गड्ढे में गिर गया. जिसका नाम मनोहर बताया जा रहा है. बोरिंग का काम करते समय संतुलन बिगड़ने से वह बोरवेल में जा गिरा. घटना की जानकारी प्रशासन को दी गई. जिसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है. अब तक शख्स नहीं मिल पाया है. बचाव अभियान जारी है.

जानकारी के मुताबिक दोपहर तक जेसीबी मशीन से बोरवेल के बराबरी में गड्ढा खोदा जा रहा था, लेकिन जेसीबी मशीन गहराई तक गड्ढा खोदने में फेल हो गई. इसके बाद प्रशासन की टीम ने पोकलैंड मशीन मंगाई और खुदाई का काम शुरू किया गया. जिससे मनोहर को बाहर निकाला जा सके. बताया जा रहा है कि ये दुर्घटना सुबह करीब साढ़े 10 बजे की है. तब से तक बचाव कार्य जारी है.

इसे भी पढ़ें : Shri Kedarnath Yatra : व्यवस्थाओं का जायजा लेने ग्राउंड पर उतरे DM, श्रद्धालुओं से किया संवाद

शाम 7 बजे तक रेस्क्यू अभियान जारी रहा. मिट्टी फिसलने से रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है. इधर बचाव कार्य में समय लगने की वजह से मनोहर के परिजन और ग्रामीण भड़क गए और हाईवे पर पहुंच गए. उन्होंने हाईवे जाम कर दिया. हालांकि अफसरों ने 10 मिनट में ही जाम खुलवा दिया. इसके बाद करीब साढ़े चार बजे से पोकलैंड मशीन गड्ढा खोदने में जुटी हुई है. मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा है. फिलहाल मौके पर पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद है. रेस्क्यू जारी है.