हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) गुरुग्राम के विभिन्न सेक्टरों में अवैध अतिक्रमण और रेजिडेंशियल एरिया में चल रही कमर्शियल गतिविधियों को हटाने के लिए 27 अप्रैल से एक व्यापक अभियान शुरू करने जा रहा है। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए 100 पुलिसकर्मियों और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मांग की है।

गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम को अवैध अतिक्रमण और अवैध निर्माण से मुक्त कराने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने निर्णायक योजना तैयार कर ली है। एस्टेट ऑफिसर-II कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, शहर के विभिन्न सेक्टरों में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस मेगा अभियान की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन से ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने और पर्याप्त सुरक्षा बल की मांग की गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर 70 पुरुष और 30 महिला पुलिसकर्मियों की भारी तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी भी विरोध से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

27 अप्रैल से शुरू होगा एक्शन: निशाने पर रोड बर्म और अवैध कब्जे

एस्टेट ऑफिसर अनुपमा चौधरी ने जानकारी दी कि यह अतिक्रमण हटाओ अभियान 27 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 8 मई 2026 तक चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। इस कार्रवाई के दायरे में सेक्टर-27 सहित कई प्रमुख इलाके शामिल हैं, जहाँ मुख्य रूप से सड़कों के किनारे (रोड बर्म) पर किए गए अवैध कब्जों को ढहाया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक रूटीन कार्रवाई नहीं है, बल्कि इसमें फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की मौजूदगी भी सुनिश्चित की गई है। यदि कोई भी अतिक्रमणकारी पहले हटाए गए स्थान पर दोबारा कब्जा करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

कमर्शियल काम करने वालों को अंतिम चेतावनी

अतिक्रमण के साथ-साथ प्रशासन ने रिहायशी इलाकों के व्यावसायिक दुरुपयोग पर भी कड़ा रुख अपनाया है। एस्टेट ऑफिसर ने सख्त निर्देश दिए हैं कि रेजिडेंशियल एरिया में अवैध रूप से चल रही कमर्शियल गतिविधियों को तुरंत बंद कर दिया जाए, अन्यथा उन पर भी बुलडोजर की गाज गिरना तय है। प्रशासन का उद्देश्य शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाना है। अब देखना यह होगा कि 11 दिनों तक चलने वाला यह अभियान अतिक्रमण के नेटवर्क पर कितना गहरा असर डालता है और साइबर सिटी की सड़कों को कितनी राहत दिला पाता है।