शरद पाठक, छिंदवाड़ा। जिला अस्पताल में उस वक्त एक हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब इलाज कराने आई एक युवती अस्पताल के पांचवी मंजिल के छज्जे पर जा खड़ी हुई। युवती लगातार धमकी देती रही कि वह कूदकर आत्महत्या कर लेगी। 15 मिनट तक चले इस हंगामे के बाद परिजनों ने जब उसे आश्वासन दिया तब जाकर वह मानी और वहां से नीचे उतरी।

फिनाइल पीने के बाद अस्पताल में थी भर्ती

दरअसल युवती का एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। जिससे कुछ अनबन होने के बाद युवती ने फिनाइल का सेवन कर लिया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत में भर्ती हुई युवती का इलाज अस्पताल में चल ही रहा था तभी यह वाक्या हो गया।

प्रेमी से बात नहीं होने पर उठाया कदम

बताया जा रहा है कि युवती को जब से अस्पताल में भर्ती किया गया है तब से उसकी प्रेमी से बात नहीं हुई थी। इसके चलते युवती आक्रोश में आ गई और सीधे अस्पताल की पांचवी मंजिल के छज्जे पर जा खड़ी हुई।

15 मिनट तक चला हाई वोल्टेज ड्राम

युवती जैसे ही छज्जे पर खड़ी हुई यह देख अस्पताल परिसर में जो जहां था वहीं जम गया। युवती के इस फैसले के चलते अस्पताल में भीड़ जमा हो गई। युवती आक्रोशित हालत में 15 मिनट तक छज्जे पर खड़ी रही।

परिजनों ने बचाई जान

वहीं मौके पर मौजूद परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए युवती को समझाने का प्रयास किया। परिजनों द्वारा काफी देर तक समझाइश देने के बाद किसी तरह युवती शांत हुई और उसे छज्जे से सुरक्षित उतारा गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m