दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। Smart Watch Blast: अगर आप भी स्मार्ट वॉच पहनने के शौकीन हैं तो जरा संभलकर, क्योंकि यह कभी-कभी बम बनकर फट भी सकता है। जी हां, मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम से ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बच्चे की कलाई में बंधा स्मार्ट वॉच अचानक फट गया। इस हादसे में बच्चे की कलाई की चमड़ी उधड़ गई। 

दरअसल, नर्मदापुरम निवासी वेदांत चौधरी अपने जुड़वां भाई सूर्यांश के साथ इटारसी रोड स्थित एक गार्डन में शादी समारोह में शामिल होने आया था। रात के समय जब दोनों भाई साथ बैठे थे, तभी वेदांत के हाथ में बंधी स्मार्ट वॉच में जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि वेदांत के हाथ की चमड़ी छिल गई और पास बैठे सूर्यांश को भी चोटें आईं।

परिजनों ने आनन-फानन में रात करीब 1:30 बजे दोनों बच्चों को निजी अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टर रवि चढ़ार के अनुसार गनीमत रही कि चोटें अधिक गहरी नहीं थीं। प्राथमिक उपचार और मरहम-पट्टी के बाद बच्चों को घर भेज दिया गया है। ​उन्होंने कहा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और खिलौनों में इस्तेमाल होने वाली सस्ती लिथियम बैटरी अक्सर ओवरहीटिंग या शॉर्ट सर्किट के कारण खतरनाक साबित हो सकती हैं। बच्चों को ऐसी डिवाइस देते समय गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m