एस आर रघुवंशी, गुना। एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है, जहां प्रद्युम्न सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम नेशनल हाईवे के किनारे जहरीला पदार्थ गटक लिया था, वह खुद बदहवास हालत में पुलिस चौकी पहुंचा और अपनी स्थिति की जानकारी दी। आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बुधवार तड़के दम तोड़ दिया। प्रद्युम्न सिंह के इस आत्मघाती कदम के पीछे की वजह एक प्रेम कहानी बताई जा रही है, जिसने बसे-बसाए घर को उजाड़ कर रख दिया।

कौन था युवक और क्या था मामला?

मृतक की पहचान 25 वर्षीय प्रद्युम्न सिंह सहरिया के रूप में हुई है। प्रद्युम्न की कहानी में मोड़ तब आया जब पता चला कि वह पहले से शादीशुदा था। लेकिन करीब पांच साल पहले शुरू हुए एक प्रेम प्रसंग ने उसकी हंसती-खेलती जिंदगी में जहर घोल दिया।

प्रेमिका की जिद पर छोड़ी थी पत्नी

प्रद्युम्न अपनी प्रेमिका के प्यार में इस कदर पागल था कि उसने दो साल पहले अपनी पत्नी को हमेशा के लिए छोड़ दिया था। परिजनों का आरोप है कि प्रेमिका के कहने पर ही उसने अपनी शादीशुदा जिंदगी बर्बाद कर ली थी।

शहनाई बजते ही खत्म कर ली जीवनलीला

प्रद्युम्न को उम्मीद थी कि पत्नी को छोड़ने के बाद प्रेमिका उसके साथ रहेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रिश्ते में लगातार तनाव बना रहा और युवती ने उसके साथ रहने से इनकार करते हुए दूसरी शादी की तैयारी कर ली। घटना में संयोग भी कुछ ऐसा बना कि बुधवार को जिस वक्त बमोरी क्षेत्र में उस युवती की शादी की रस्में चल रही थी ठीक उसी समय प्रद्युम्न ने अस्पताल में आखिरी सांस ली।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m